वोट डालते तब आंख बंद करके ठोका-ठोकी मत करो, सोच समझ कर वोट करो : कटारिया
पंजाब के गवर्नर गुलाबचंद कटारिया ने बालिका छात्रावास के उद्घाटन में आए लोगों से कहा- कोई एमपी और एमएलए कितनी भी हेकड़ी करे, लेकिन 5 वर्ष बाद तो नाक रगड़ कर उनको आपके पास ही आना पड़ेगा. उस समय आप दिल और दिमाग रखकर फैसला करें.

वोट डालते तब आंख बंद करके ठोका-ठोकी मत करो, सोच समझ कर वोट करो. बेईमानों को वोट की पेटी में समाप्त कर दो ताकि बेईमानी यहीं समाप्त हो जाएगी और आप अच्छे आदमी पैदा करो.
कटारिया बुधवार को उदयपुर जिले के कुराबड़ में जनजाति बालिका छात्रावास के उद्घाटन कार्यक्रम में आए थे. उन्होंने यहां वल्लभनगर विधायक से कहा- यहां बेटियों के लिए छात्रावास बनाया लेकिन यह 6 किलोमीटर दूर बना दिया है. इन बेटियों को अब साइकिल दिलाओ ताकि आने-जाने में परेशानी नहीं होगी.
‘खजाना गुलाबचंद के काकाजी का नहीं’
पंजाब के गवर्नर कटारिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा- एमएलए, एमपी और सरपंच भी वोट की पेटी से ही बनते हैं. आप अच्छे आदमी लेकर आओ, इसके लिए इतनी समझ आनी चाहिए. ये खजाना गुलाबचंद कटारिया के काकाजी का नहीं है. खजाना जनता के टैक्स के पैसे का है जो जयपुर और दिल्ली में बनता है. इसकी मालिक जनता ही है.
बोले- गरीब आदमी बदमाशों को टैक्स देता था
कार्यक्रम में कटारिया ने बोला कि राष्ट्र में किसान क्रेडिट कार्ड से किसानों को बहुत लाभ हो रहा है. यह 40 वर्ष पहले किसी के ध्यान में नहीं आया. बड़े आदमी के पास कार्ड होता है. गरीब आदमी 10 हजार लेने जाता तो 4 से 10 फीसदी का ब्याज बदमाशों को देना पड़ता था. घर बर्बाद कर देते थे. दादागिरी और करते थे और जूते अलग मारते थे. आज बैंक में जाओ किसान क्रेडिट कार्ड से लोन ले लो हर वर्ष 5 लाख का और चुकाओ समय पर और उससे अच्छा पशु खरीदो.
इस दौरान कटारिया ने पुरानी यादें ताजा करते हुए बोला कि मैं 1973 से इस कुराबड़ क्षेत्र में आ रहा हूं. तब हम आते तो हम पर पत्थर और मिट्टी फेंकते थे. इसके बाद भी हम यहीं कहते थे कि परिवर्तन लेकर आएंगे यह बात आज नहीं तो कल समझ में आएगी.
बता दें कि कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, बीजेपी देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली, पूर्व अध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह चौहान आदि उपस्थित रहे.

