सुरक्षाबलों ने बरामद किया हथियार और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा
Violence in Manipur: मणिपुर (Manipur) के 3 जिलों में सुरक्षाबलों (Security forces) ने हथियार और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद किया है. पुलिस की ओर से शनिवार को इम्फाल में जारी किए गए बयान में यह जानकारी दी गई. बयान में कहा गया कि मणिपुर पुलिस और असम राइफल्स (Assam Rifles) की एक संयुक्त टीम ने कांगपोकपी जिले के लोइचिंग क्षेत्र से 2 .303 राइफल, एक 9 एमएम पिस्तौल, मैगजीन, कारतूस, 4 हथगोले, 2 ‘डेटोनेटर’ और 1 देसी ‘मोर्टार’ और एक ‘इम्प्रोवाइज्ड मोर्टार’ बरामद किया है.

2 इम्प्रोवाइज्ड मोर्टार बरामद : मणिपुर पुलिस, बीएसएफ (बीएसएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के संयुक्त दल ने चुराचांदपुर जिले के गोथोल गांव में एक अन्य तलाश अभियान के दौरान 2 ‘इम्प्रोवाइज्ड मोर्टार’ बरामद किए हैं जिन्हें क्षेत्रीय रूप से ‘पंपी’ के नाम से जाना जाता है.
राज्य पुलिस और असम राइफल्स ने थौबल जिले के फैनोम पर्वतीय क्षेत्र से 4 एचई-36 हथगोले, 2 ‘पंपी’, 3 ‘डेटोनेटर’ तथा 1-1 ‘स्टन ग्रेनेड’, ‘स्टिंगर ग्रेनेड’ और आंसू गैस के गोले बरामद किए हैं. सुरक्षाबलों द्वारा इन इलाकों में शुक्रवार को चलाए गए तलाश अभियान के दौरान ये हथियार बरामद किए गए हैं. हालांकि इस संबंध में अभी तक किसी को अरैस्ट नहीं किया गया है. मणिपुर में पिछले वर्ष मई से मेइती और कुकी समुदाय के लोगों के बीच अत्याचार में 200 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं.(भाषा)

