बिहार शिक्षक भर्ती के तीसरे चरण की परीक्षा में पेपर हुई लीक
नई दिल्ली (BPSC TRE 3 Paper Leak)। परीक्षाओं का मौसम प्रारम्भ होने के साथ ही पेपर लीक की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। फरवरी में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती पेपर लीक हुआ और अब बिहार शिक्षक भर्ती पेपर। लगातार आ रहीं पेपर लीक और नकल की खबरों से हर कोई परेशान है। बिहार शिक्षक भर्ती के तीसरे चरण की परीक्षा में पेपर लीक होने का बड़ा मुद्दा सुर्खियों में छाया हुआ है। इससे पता चलता है कि पेपर लीक गैंग का गिरोह देशभर में फैला हुआ है।

बिहार में सरकारी शिक्षकों की नियुक्ति बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा की जाती है (Bihar Teacher Recruitment 2024)। बीपीएससी शिक्षक भर्ती तीसरे चरण का पेपर लीक होने से अभ्यर्थियों के मन में एक बड़ा प्रश्न है। हर कोई जानना चाहता है कि क्या उनकी मेहनत बेकार चली जाएगी, क्या अब सभी अभ्यर्थियों को फिर से बीपीएससी शिक्षक भर्ती तीसरे चरण की परीक्षा देनी होगी (Paper Leak News)। यदि ऐसा होता है तो लाखों उम्मीदवारों की मेहनत पानी में चली जाएगी।
BPSC TRE 3 Paper Leak: बिहार शिक्षक भर्ती पेपर लीक मुद्दा क्या है?
बिहार शिक्षक भर्ती तीसरे चरण की परीक्षा कल यानी 15 मार्च, 2024 को हुई थी। बिहार शिक्षक भर्ती 3.0 परीक्षा के अनुसार कुल 87,709 रिक्त पदों पर भर्तियां की जानी हैं। बिहार सरकारी शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए 5,81,305 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। बिहार शिक्षक भर्ती तीसरे चरण की परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद से सबकुछ प्रश्नों के घेरे में है। इतनी सावधानी बरतने और मुश्किल गाइड लाइन जारी होने के बावजूद भी आखिर पेपर लीक कैसे हो जाता है।
UP Police Paper Leak: उत्तर प्रदेश में भी लीक हुआ था पुलिस भर्ती का पेपर?
उत्तर प्रदेश में 18 फरवरी, 2024 को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया था। 60 हजार से अधिक रिक्त पदों के लिए करीब 50 लाख आवेदन आए थे। लेकिन उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा पेपर लीक होने की वजह से योगी गवर्नमेंट ने इसे रद्द कर दिया था। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने यह भी घोषणा की थी कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को 6 महीने के अंदर दोबारा आयोजित करवा जाएगा। साथ ही सभी आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई के कठोर आदेश भी दिए।

