लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा करेगा इलेक्शन कमिशन
पटना। लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा आज हो जाएगी। बिहार में इस बार छह से सात चरणों में चुनाव हो सकते हैं। दरअसल, बिहार के क्षेत्र संवेदनशील भी माने जाते रहे हैं और इसलिए फ्री एंड फेयर इलेक्शन के लिए यहां कई चरणों में मतदान कराए जाने का एक तरह से परंपरा सी बन गई है। ऐसे में हम आपको बताते हैं कि बिहार में साल 2019 के लोकसभा चुनाव में किन क्षेत्रों में कितने चरणों में किन-किन सीटों पर मतदान हुए थे।

बिहार में लोकसभा चुनाव 2019 में सात चरण में मतदान हुए थे। फर्स्ट फेज का इलेक्शन 11 अप्रैल को था जिसमें बिहार की चार सीटों पर वोटिंग हुई थी। 18 अप्रैल को दूसरे चरण में बिहार की पांच सीटें शामिल थीं। 23 अप्रैल को तीसरे चरण का मतदान हुआ था, जिसमें बिहार की पांच सीटों पर वोटिंग हुई थी। चौथे चरण में 29 अप्रैल को फिर बिहार की पांच सीटें थीं।
इसके बाद 6 मई को पांचवें चरण का मतदान था जिसमें फिर बिहार की पांच सीटों पर मतदान हुआ था। इसके बाद 12 मई को छठे चरण में बिहार की 8 सीटों पर वोट डाले गए थे। जबकि सातवां और आखिरी चरण का मतदान 19 मई को हुआ था। इसमें भी बिहार की 8 सीटों पर वोट डाले गए थे।
आइये एक नजर डालते हैं चरण और लोकसभा क्षेत्र के मुताबिक सूची पर
11 अप्रैल 2019 को प्रथम चरण का मतदान : औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई
18 अप्रैल 2019 को द्वितीय चरण का मतदान: किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर, बांका
23 अप्रैल 2019 को तृतीय चरण का मतदान : झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा, खगड़िया
29 अप्रैल 2019 को चतुर्थ चरण का मतदान: दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय, मुंगेर
06 मई 2019 को पांचवें चरण का मतदान: सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण, हाजीपुर
12 मई 2019 को छठे चरण का मतदान: वाल्मीकिनगर, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, महाराजगंज, सीवान।
19 मई 2019 को सातवें चरण का मतदान: नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकट, जहानाबाद
बता दें कि पिछली बार के चुनाव नतीजों में एनडीए (भाजपा, जदयू और एलजेपी) को भारी कामयाबी मिली थी और 40 लोकसभा सीटों में 39 सीटें जीत ली थी। जबकि महागठबंधन को सिर्फ़ किशनगंज की एक सीट पर ही सफलता मिल पाई थी जो कांग्रेस पार्टी ने जीती थी।

