बिहार बीएड प्रवेश परीक्षा 2024 के लिए इस दिन से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
Bihar Bed Entrance Exam 2024 : बिहार बीएड प्रवेश परीक्षा 2024 के लिए आवेदन प्रक्रिया 3 मई से प्रारम्भ होगी। इसके जरिए बिहार के सरकारी और प्राइवेट बीएड कॉलेजों में दाखिले होंगे। ललित नारायण मिथिला यूनिवर्सिटी ने मंगलवार को बीएड प्रवेश परीक्षा का नया शेड्यूल जारी किया। इसके मुताबिक बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की आखिरी तिथि 26 मई है। विलंब शुल्क के साथ आवेदन 27 मई से दो जून तक किया जा सकेगा। जबकि आवेदन फॉर्म में करेक्शन करने की आखिरी तिथि चार जून है। 17 जून को प्रवेश परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी होगा। बीएड प्रवेश परीक्षा 25 जून को निर्धारित की गई है। बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन वेबसाइट पर जाकर करना है।

बिहार बीएड प्रवेश परीक्षा 2024 के जरिए राज्य के करीब 350 बीएड कॉलेजों में दाखिला होगा। इन कॉलेजों में बीएड की कुल 36 हजार सीटें हैं। पिछले वर्ष बीएड में एडमिशन के लिए कुल 85 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इस बार पिछले वर्ष के मुकाबले अधिक आवेदन की आशा है।
बिहार बीएड प्रवेश परीक्षा 2024 के लिए योग्यता
दो वर्षीय बीएड प्रवेश परीक्षा ( CET BEd) के लिए उम्मीदवारों को किसी भी स्ट्रीम में 50% अंक के साथ ग्रेजुएट होना चाहिए। बीई/बीटेक में साइंस और मैथमेटिक्स में स्पेशलाइजेशन के साथ कम से कम 55 प्रतिशत अंक से ग्रेजुएट होना चाहिए7
शिक्षा शास्त्री प्रवेश परीक्षा के लिए किसी मान्यता प्राप्त विवि से शास्त्री या बीए (संस्कृत मुख्य विषय) में 50% अंक होना चाहिए।
प्रवेश परीक्षा के लिए चुनने हैं तीन शहर
बीएड प्रवेश परीक्षा का फॉर्म भरते समय परीक्षा केंद्र के लिए तीन शहरों के नाम का विकल्प चुनना होगा। हालांकि शिक्षा शास्त्री के लिए परीक्षा केवल दरभंगा में होगी।
बीएड प्रवेश परीक्षा 2024 के लिए आवेदन शुल्क
सामान्य/अनारक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए 1000 रुपये।
दिव्यांग/अति पिछड़ा वर्ग/महिला एवं EWS श्रेणी-750 रुपये।
अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति श्रेणी- 500 रुपये।

