बेतिया का उदयपुर वाइल्ड लाइफ सेंचुरी पर्यटकों के दीदार के लिए पुनः हुआ शुरू
एक लंबे अरसे के बाद पश्चिम चम्पारण ज़िले के मुख्यालय बेतिया से क़रीब 5 किलोमीटर दूर प्रकृति की गोद में बसा, उदयपुर वाइल्ड लाइफ सेंचुरी पर्यटकों के दीदार के लिए पुनः प्रारम्भ हो चुका है।

सोमवार 06 अक्टूबर 2025 को VTR के फील्ड डायरेक्टर नेशामणि के।, वन प्रमंडल बेतिया के DFO पंकज कुमार और VTR डिवीजन 02 के DFO विकास हालावत की मौजूदगी में उदयपुर वाइल्ड लाइफ सेंचुरी का उद्घाटन कर पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, क़रीब 836 हेक्टेयर में फैले उदयपुर जंगल में पर्यटक नेचर ट्रेल, जंगल सफारी, साइकिलिंग, नौका विहार, सहित दर्जनों रोमांचक एक्टिविटीज का मज़ा ले सकते हैं।
मजे की बात यह है कि इस बार इस खूबसूरत जंगल में पर्यटकों को लज़ीज़ व्यंजन सहित रहने जैसी भी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पर्यटन एक नॉमिनल चार्ज अदा कर प्रकृति की गोद में बसे इस जंगल में घंटों आनंदित हो सकते हैं।
बता दें कि उदयपुर वाइल्ड लाइफ सेंचुरी, जिसे सरैयामन के नाम से भी जाना जाता है, साइबेरियन जैसे प्रवासी पक्षियों का ठिकाना है। यहां प्रवासी सहित अन्य पक्षियों की सैकड़ों प्रजातियां पाई जाती हैं। इसे देखने के लिए बर्ड वाचिंग स्टेशन को भी तैयार किया गया है।
अधिकारियों की माने तो, बैरिया प्रखंड के भीतर आने वाले इस बहुत खूबसूरत पर्यटन स्थल का उद्घाटन भले ही कर दिया गया है, लेकिन अब भी पर्यटकों की सुविधा के लिए कुछ कार्यों की पूर्ति की जा रही है। ऐसे में रोमांच के लिए पर्यटकों को कुछ दिन का प्रतीक्षा और करना होगा।

