सीतामढ़ी में जारी हुआ भारी बारिश का अलर्ट
सीतामढ़ी में तीन दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। अगस्त महीने में इस सीजन की सबसे अच्छी बारिश हुई है। इससे पहले जून और जुलाई में किसान बारिश के लिए तरस रहे थे, लेकिन सभी कसर अगस्त में पूरा हो चुका है।

अच्छी बारिश से खरीफ फसल को काफी लाभ हुआ है। बारिश होने से लोगों को गर्मी से निजात मिली है, लेकिन शहर से लेकर गांव तक जलजमाव और कीचड़ फैलता जा रहा है। शहर की सूरत बिगड़ गई है। मोहल्लों के जर्जर पथ और बिना पानी निकासी वाले मोहल्लों में कठिनाई बढ़ गई है।
सड़कों पर जमा पानी और कीचड़ से आवाजाही प्रभावित हो रही है। लोग हादसा के शिकार हो रहे हैं। बाइक पलट रही है। पैदल चलना भी कठिन हो रहा है। डुमरा रोड में सड़क की दोनों ओर नाला निर्माण होने के बाद भी कई जगहों पर सड़क का लेवल नीचे होने के कारण विशाल जलजमाव हो गया है। जिला मुख्यालय आने जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कुछ जगहों पर निर्माण कार्य को लेकर सड़क फिर से जर्जर होने से जलजमाव और कीचड़ है। ऐसे में लोगों को घर से निकलने, कार्यालय और विद्यालय जाने वाले बच्चों को कठिनाई हो रही है।
इधर, शुक्रवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। कहीं रिमझिम तो कहीं बूंदाबांदी भी हुई। रिमझिम बारिश से खेतों में लगे फसल को लाभ हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार ट्रफ लाइन हिमालय की तराई से ऊपर उठी है। इस वजह से बारिश हुई है। बदले मौसम में शुक्रवार को तापमान में कमी हुई। तीन दिन पूर्व तक अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रह रहा था। मौसम विभाग के मुताबिक 26 अगस्त को अधिक से अधिक भारी बारिश होने की आसार है।
कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डाक्टर लालता प्रसाद वर्मा ने इसका मूल कारण दक्षिण की ओर से बिहार के ऊपर टर्फ लाइन का गुजरना कहा है। जलजमाव पर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार पांडेय ने कहा कि बारिश के बाद शहर के सभी 46 वार्ड के सर्वेक्षण करने का आदेश सफाई निरीक्षकों को दिया गया है। उसकी मॉनिटरिंग नगर प्रबंधक करेंगे। पानी निकासी के लिए कार्रवाई की जाएगी।

