केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने गुरुवार को घोषणा की कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) जल्द ही ‘ईपीएफओ 3.0 संस्करण’ लॉन्च करेगा, जिससे सदस्य एटीएम से अपने फंड का निकासी कर सकेंगे, साथ ही अन्य कई नयी सुविधाएं भी मिलेंगी.

‘EPFO 3.0 संस्करण बैंकिंग प्रणाली के बराबर होगा’
हैदराबाद में ईपीएफओ के तेलंगाना जोनल कार्यालय और क्षेत्रीय कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर मंसुख मांडविया ने कहा, ‘ईपीएफओ 3.0 संस्करण बैंकिंग प्रणाली के बराबर होगा. जैसे बैंक में लेन-देन होता है, वैसे ही ईपीएफओ सदस्य अपनी यूनिवर्सल एकाउंट नंबर (यूएएन) से सभी काम कर सकेंगे.‘
‘अब आपको EPFO कार्यालयों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी’
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा, ‘अब आपको ईपीएफओ कार्यालयों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी और न ही आपको नियोक्ता के पास जाना पड़ेगा. यह आपका पैसा है, और आप जब चाहें इसे निकाल सकते हैं. भविष्य में, आप एटीएम से अपने पैसे निकाल सकेंगे. हम ईपीएफओ में ऐसी सुधार प्रक्रियाएं लागू कर रहे हैं.‘
‘ईपीएफओ में सुधार हो रहे हैं, शिकायतें कम हो रही हैं’
मंत्री मनसुख मांडविया ने यह भी बोला कि पीएम मोदी के नेतृत्व में ईपीएफओ में परिवर्तन आ रहे हैं और इसमें सुधार हो रहे हैं. शिकायतें कम हो रही हैं और सेवाएं बढ़ रही हैं. ईपीएफओ की प्रणाली और कार्यप्रणाली अब लोगों के अनुकूल हो चुकी है. उन्होंने ईपीएफओ के प्लेटफ़ॉर्म में किए गए सुधारों का उल्लेख किया, जिसमें फंड ट्रांसफर, क्लेम ट्रांसफर, नाम में सुधार और किसी भी बैंक से पेंशन की निकासी शामिल हैं. इस अवसर पर कोयला और खनन मंत्री जी। किशन रेड्डी भी उपस्थित थे.