प्लॉट या जमीन खरीदते समय इन खास बातों का रखें ध्यान
मकान और जमीन खरीदने का सपना हर किसी का होता है। हर आदमी चाहता है कि उसके पास स्वयं की संपत्ति हो। इसके लिए लोग अपने मेहनत की पूंजी लगाकर जमीन या मकान खरीदते हैं। प्रॉपर्टी की खरीद बिक्री हमेशा मोटी धनराशि में होती है, लिहाजा प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री करते समय हमेशा सावधान रहना चाहिए और कुछ महत्वपूर्ण बातों को ध्यान में रखना चाहिए। प्रॉपर्टी खरीदते समय आपकी एक छोटी-सी गलती आपकी जिंदगीभर की कमाई को एक झटके में बर्बाद कर सकता है। जिसके बाद आप चाहकर भी कुछ नहीं कर पाएंगे।
लोग जमीन तो खरीद लेते हैं लेकिन कुछ समय के बाद पता चलता है की वह जमीन किसी और की भी बेची गई है।यानि विवादित है। कई बार यह मुद्दा भी सामने आता है कि जिस जमीन को बेचा गया है उस पर पहले से ही लोन है। ऐसे में कोई भी जमीन या प्लॉट खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना महत्वपूर्ण है यह जानने के लिए हमने झांसी के एडीएम (प्रशासन) अरुण कुमार सिंह से बात की
जमीन खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
एडीएम अरुण कुमार सिंह लोगों से अपील करते हुए बोला कि कोई भी जमीन खरीदने से पहले उसकी पूरी जानकारी कर लें। जमीन की प्रकृति के बारे में पता कर ले। तहसील से खतौनी निकलवा कर उसकी जांच कर लें। इसके साथ ही सब रजिस्टार ऑफिस से जमीन का 12 वर्ष का रिकॉर्ड निकलवा लें। एक हल्की फीस जमा करके आप यह पता कर सकते हैं की जमीन कब और कहां बंधक रही है। इन बातों का ध्यान रखेंगे तो जमीन की खरीद में होने वाली फर्जीवाड़ा से बच जाएंगे।
क्यों महत्वपूर्ण है दाखिल खारिज?
अरुण कुमार सिंह ने कहा कि प्रॉपर्टी की खरीद को लेकर कानून कहता है कि आप कोई भी प्रॉपर्टी खरीदते हैं तो उसकी एवज में स्टांप ड्यूटी की धनराशि भरकर रजिस्ट्री करा लें। इसलिए कभी भी प्रॉपर्टी खरीदते समय स्टांप ड्यूटी देकर जल्द से जल्द रजिस्ट्री करा लेनी चाहिए। इतना ही नहीं, रजिस्ट्री कराने के बाद उस प्रॉपर्टी का दाखिल खारिज कराना भी बहुत महत्वपूर्ण है। दाखिल खारिज एक खास तरह का डॉक्यूमेंट्स होता है, जो आपकी प्रोपर्टी को किसी टकराव या पचड़े से बचाता है। दाखिल खारिज होने से यह बात साफ हो जाती है कि आपने जो जमीन या घर खरीदा है। उससे किसी को कोई विरोध नहीं है और प्रॉपर्टी का मालिकाना अधिकार आपके पास है

