बिज़नेस

राजस्व प्रकरणों के अधिकतम निस्तारण के लिए उठाए जाएंगे जरूरी कदम

राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार आनें वाले राष्ट्रीय लोक न्यायालय के सफल आयोजन तथा पूर्व तैयारियों की समीक्षा के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जोधपुर जिला की ओर से एक जरूरी बैठक का आयोजन किया गया. बैठक की अध्यक्षता विक्रान्त गुप्ता, जिला एवं सत्र न्यायाधीश और अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जोधपुर जिला द्वारा की गई. सचिव डाक्टर मनीषा चौधरी ने बैठक का संचालन किया.

Images 2025 04 24t161101. 604

WhatsApp Group Join Now

इस अवसर पर गौरव अग्रवाल, जिला कलेक्टर जोधपुर, हरजी लाल अटल, जिला कलेक्टर फलौदी, रतनाराम ठोलिया, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ जोधपुर, राममूर्ति जोशी, उप महानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण, पूजा आहवाना, पुलिस अधीक्षक फलौदी, सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

बैठक में 8 मार्च 2025 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालतों में निस्तारित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की गई तथा आनें वाले लोक न्यायालय के आयोजन के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई. न्यायाधीश गुप्ता ने निर्देश दिए कि तहसील एवं उपखंड स्तर पर लंबित राजस्व प्रकरणों का आपसी समझौते एवं प्री-काउंसलिंग के माध्यम से अधिकाधिक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए.

प्रत्येक तहसील में 15 अप्रैल से 9 मई 2025 तक प्री-काउंसलिंग शिविर आयोजित करने, अप्रार्थीगण को समय पर नोटिस जारी करने तथा राजीनामा योग्य प्रकरणों को चिन्हित कर उन्हें लोक न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए.

बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि लोक न्यायालय के प्रचार-प्रसार के लिए क्षेत्रीय प्रशासन, नगर निगम, बीएसएनएल, बैंक, विद्युत, जल, अभियोजन विभाग, पुलिस विभाग एवं अधिवक्ताओं के साथ भिन्न-भिन्न समन्वय बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि जनसहभागिता के साथ लोक न्यायालय को कारगर बनाया जा सके.

बैठक में फलोदी तालुका अध्यक्ष दीपक कुमार सोनी, पीपाड़ तालुका अध्यक्ष न्याय खान, बालेसर तालुका अध्यक्ष वैदेही सिंह चौहान, बिलाड़ा तालुका अध्यक्ष श्वेता शर्मा-III, ओसियां तालुका अध्यक्ष शैलेन्द्र राज गोस्वामी, न्यायिक मजिस्ट्रेट बाप महेंद्र कुमार मीणा, लोहावट न्यायिक मजिस्ट्रेट गरिमा चौधरी, भोपालगढ़ न्यायिक मजिस्ट्रेट रेणु कुमार मीणा, नोडल अधिकारी सुरेंद्र पुरोहित (अतिरिक्त जिला कलेक्टर द्वितीय, जोधपुर), नोडल अधिकारी रघुनाथ गर्ग (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जोधपुर ग्रामीण) सहित समस्त उपखंड अधिकारी, तहसीलदार और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे. बैठक के समाप्ति पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जोधपुर जिला की ओर से महेन्द्र राजपुरोहित ने सभी मेहमानों और ऑफिसरों का आभार प्रकट किया.

Back to top button