Stock Market ने खोया शुरुआती बढ़त
मिले-जुले कारोबार, अंतरराष्ट्रीय संकेतों और सूचना तकनीक से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से हफ्ते के पहले व्यवसायी सत्र सोमवार 10 जून 2024 को घरेलू शेयर बाजार अपनी शुरुआती बढ़त खोकर गिरावट के साथ बंद हुआ। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 203.28 अंक या 0.27 प्रतिशत टूटकर 76,490 अंक के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि, शुरुआती कारोबार में यह 85.68 अंक चढ़कर 77,079.04 अंक के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी कारोबार के अंत में 30.95 अंक या 0.13 प्रतिशत फिसलकर 23,259.9 अंक के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, शुरुआती कारोबार में यह भी एनएसई निफ्टी 121.75 अंक की बढ़त के साथ 23,411.90 अंक के अपने सर्वकालिक उच्चतम स्तर पहुंच गया था।

टॉप लूजर और गेनर शेयर
घरेलू शेयर बाजार की गिरावट में जिन कंपनियों के शेयर टूटे, उनमें टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, विप्रो, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, कोफॉर्ज लिमिटेड, वेदांता, एम्फैसिस, परसिस्टेंट, एचडीएफसी बैंक और वोडाफोन आइडिया शामिल हैं। वहीं, जिन कंपनियों के शेयर फायदा में रहे, उनमें रैमको सीमेंट्स, जी एंटरटेनमेंट, मदरसन, आरती इंडस्ट्रीज, आरईसी, टाटा स्टील, केनरा बैंक, मोतीलाल ओसाल, गोदावरी पावर, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावर ग्रिड, नेस्ले, एनटीपीसी, टाटा स्टील और एक्सिस बैंक शामिल हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि बाजार में गिरावट के बीच एम्फैसिस के करीब 3.35 करोड़ शेयर सोमवार को 7,000 करोड़ रुपये से अधिक के सौदे के अनुसार एनएसई पर खुले बाजार लेनदेन के जरिये बेचे गए।
एम्फैसिस के 3.3 करोड़ शेयर बेचे गए
एम्फैसिस के करीब 3.35 करोड़ शेयर सोमवार को 7,000 करोड़ रुपये से अधिक के सौदे के अनुसार एनएसई पर खुले बाजार लेनदेन के जरिये बेचे गए। सूचना तकनीक वाली कंपनी का शेयर दिन में कारोबार में 4.82 प्रतिशत गिरकर 2,352.60 रुपये पर आ गया। बाद में यह कुछ सुधार के साथ 2,398 रुपये पर बंद हुआ, जो पिछले बंद रेट से करीब तीन प्रतिशत कम है। हालांकि, शेयरों के खरीदारों तथा बेचने वालों का पता नहीं चल सका, लेकिन शुरुआती खबरों के मुताबिक अमेरिकी निवेश कंपनी ब्लैकस्टोन की सहयोगी कंपनी बीसीपी टोपको इसके शेयर का विक्रेता हो सकती है। मार्च 2024 तक बीसीपी टोपको-IX प्राइवेट लिमिटेड के पास एम्फैसिस में 55.45 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर 3.35 करोड़ शेयरों का 2,379.75 रुपये प्रति शेयर के औसत मूल्य पर कारोबार हुआ। इससे कुल राशि 7,000 करोड़ रुपये से अधिक बैठती है।
दूसरे बाजारों का हाल
वहीं, दुनिया के दूसरे बाजारों की बात करें, तो एशियाई बाजारों में जापान के निक्केई, चीन के शंघाई कंपोजिट और जकार्ता के जकार्ता कंपोजिट में बढ़त देखी गई, जबकि हांगकांग के हैंगसेंग, ताइवान के ताइवान वेटेड और दक्षिण कोरिया के कॉस्पी नरमी के रुख दिखाई दिए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना बढ़त के साथ 2298.42 $ प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गया, जबकि मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में वह 255 रुपये कमजोर होकर 71,086 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल मजबूत होकर 75.66 $ प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 79.83 $ प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया

