अमेजन मिनीटीवी की पॉपुलर वेब सीरीज गुटर गू के दूसरे सीजन का हुआ ऐलान
वेब सीरीज ‘गुटर गू’ के पहले सीजन ने ओटीटी पर तहलका मचा दिया था। इस सीरीज को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था। अब इस सीरीज के फैंस के लिए एक बहुत बड़ी अच्छी-खबर सामने आ रही है। आज ‘गुटर गू’ के दूसरे सीजन की घोषणा हो गई है। ये सीरीज दूसरे सीजन के साथ जल्द ही वापसी करने को तैयार है। टीनऐज रोमांस के इर्द-गिर्द बुनी गई इस वेब सीरीज की कहानी को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था।
ये वेब सीरीज साकिब पंडोर द्वारा निर्देशित और सिख्या एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित थी। इस वेब सीरीज में अदाकारा अश्लेशा ठाकुर और विशेष बंसल ने लीड रोल अदा किया था। वेब सीरीज ‘गुटर गू’ के सीजन 2 में रितु और अनुज का मासूमियत भरा प्यार देखने को मिलेगा। इस लोकप्रिय शो के दूसरे सीजन में कुल 6 एपिसोड्स होंगे।
‘गुटर गू’ का पहला सीजन अमेजन प्राइम वीडियो पर सबसे अधिक देखे जाने वाली वेब सीरीज में से एक है। इस सीरीज के दूसरे सीजन की घोषणा करते हुए इसकी निर्माता गुनीत मोंगा कपूर कहती हैं, ‘ वेब सीरीज ‘गुटर गू’ की कहानी हमारे दिलों के बहुत करीब है। रितु और अनुज की छोटी सी कहानी को मिले अपार प्यार के बाद निर्देशक साकिब पंडोर के साथ वापस आना और कहानी को एक नए ढंग से तलाशना वास्तव में एक रोमांचक अवसर था। आप सबको एक बार फिर पुराने दिनों की सैर कराने के लिए हम उत्साहित हैं’।
इस वर्ष होगी रिलीज
सीरीज के मुहूर्त शॉट की फोटो शेयर करते हुए गुनीत मोंगा अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखती हैं, ‘ कृप्या अपनी उत्सुकता को थाम कर रखिए। गुटर गू चल रही है। मेरा मतलब है ‘गुटर गू’ की शूटिंग चल रही है’। बता दें, ‘गुटर गू’ का सीजन 2 अमेजन मिनीटीवी, फायर टीवी और प्ले स्टोर पर मौजूद होने वाला है। इस सीरीज की इस वर्ष के मध्य या अंत तक रिलीज होने की आशा की जा रही है

