पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने उन पर मानसिक प्रताड़ना के लगाये आरोप
मेरा आपके प्रति कोई गलत इरादा नहीं था… लेकिन फिर भी मैं क्षमा प्रार्थी हूं… ये शब्द भोजपुरी स्टार पवन सिंह के उस माफीनामे के हैं जो उन्होंने हरियाणिवी अदाकारा अंजलि राघव के लिए लिखे हैं. बीते 2 दिनों से पवन सिंह सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं और खूब लानतें झेल रहे हैं. इस ट्रोलिंग के तार हरियाणिवी अदाकारा अंजलि राघव से जुड़े हैं, जिनकी कमर पर पवन सिंह ने भरे स्टेज पर हाथ फेर दिया था. इसका वीडियो वायरल हुआ और चौतरफा थू-थू होने लगी. इतना ही नहीं भोजपुरी इंडस्ट्री की अश्लीलता और ठरकीपन की चर्चा एक बार फिर मुख्य पटल पर आ गई. इसी बीच पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने भी उन पर मानसिक प्रताड़ना के इल्जाम लगाते हुए यहां तक कह दिया कि उनके पास आत्मदाह के अतिरिक्त कोई और रास्ता नहीं रह गया. आइये जानते हैं इस पूरे टकराव और पवन सिंह के माफीनामे की कहानी.

क्या है पूरा मामला?
ये पूरा मुद्दा गुरुवार को हुआ जब पवन सिंह ने अपने गाने ‘सइयां सेवा करे’ को लॉन्च किया. यहां स्टेज पर पवन सिंह आए और उनके दर्शकों का बड़ा हुजूम वहां उपस्थित रहा. इस गाने के प्रमोशनल ईवेंट में हरियाणिवी अदाकारा अंजलि राघव भी पहुंची थीं. जब स्टेज पर अंजलि राघव के हाथ में माइक था तो और वे लोगों को संबोधित कर रही थीं तभी पवन सिंह अचानक उनकी कमर को छूने लगते हैं. अंजलि की मौन असहमति के बाद भी पवन सिंह उनकी कमर पर हाथ फेर देते हैं. लेकिन बात आई-गई हो जाती है और ईवेंट समाप्त हो जाता है. लेकिन इसका एक वीडियो वहां कोई उपस्थित फैन बना लेता है. बस ये वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही बवाल मचने लगता है और लोग कमेंट्स में पवन सिंह को खूब खरी-खोटी सुनाते हैं. इसके बाद अंजलि राघव स्वयं भी बीती शाम अपने इंस्टाग्राम पर लाइव आती हैं और इस व्यवहार को फूहड़ और अपमानजनक बताते हुए भोजपुरी इंडस्ट्री का त्याग कर देती हैं. अंजलि राघव ने यहां तक बोला कि अब वे कभी भी इस तरह की मानसिकता वाले कलाकारों की इंडस्ट्री भोजपुरी में काम नहीं करेंगी.

