Jawan Day 1: जवान ने आते साथ ही भारतीय बॉक्स ऑफिस पर बना डाला ये रिकॉर्ड
Shahrukh Khan Jawan Record: ‘जवान’ ने पहले दिन ही बॉक्स ऑफिस को हिलाकर रख दिया है। फिल्म की ओपनिंग डे की कमाई देख हर कोई दंग रह गया है। शाहरुख खान की ‘जवान’ से पहले किसी भी हिंदी फिल्म ने पहले दिन इतने करोड़ रुपये का कलेक्शन नहीं किया था। ये पहली फिल्म है जिसने आते साथ ही भारतीय बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बना डाला है। आइए जानते हैं फिल्म की पहले दिन की कमाई के बारे में।

पहले दिन का कारोबार
फिल्म की रिलीज से पहले ट्रेड एनालिस्ट यह अनुमान लगा रहे थे कि फिल्म 60 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार करेगी। उनका यह अनुमान ठीक निकला। ट्रेड एनालिस्ट मनोबाला विजयबालन के मुताबिक, ‘जवान’ ने पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 70 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं Sacnilk की शुरुआती रिपोर्ट में यह दावा किया जा रहा है कि फिल्म ने ओपनिंग डे पर हिंदी बेल्ट में 65 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। रिपोर्ट में यह भी लिखा हुआ है कि फिल्म के तेलुगू और तमिल वर्जन ने पांच-पांच करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।
वर्ल्डवाइड हुई इतनी कमाई
इसी ट्वीट में मनोबाला विजयबालन ने यह भी लिखा है कि एटली के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने पूरे विश्व के बॉक्स ऑफिस से 120 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली है। उन्होंने ये भी कहा कि शाहरुख खान मुम्बई फिल्म इंडस्ट्री के एकलौते ऐसे अभिनेता हैं जिनकी दो फिल्मों ने ओपनिंग डे 100 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।
तोड़ा ये रिकॉर्ड
हिंदी बॉक्स ऑफिस पर अब तक ओपनिंग डे पर सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म ‘पठान’ थी। लेकिन, अब ‘जवान’ है। ‘पठान’ ने पहले दिन 57 करोड़ रुपये की कमाई की थी। वहीं ‘जवान’ ने 65 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। यहां देखिए ओपनिंग डे पर सबसे अधिक कमाई करने वाली टॉप 10 फिल्मों की लिस्ट।
टॉप 10 फिल्में
1. जवान – 65 करोड़ रुपये प्लस
2. पठान – 57 करोड़ रुपये
3. केजीएफ चैप्टर 2 – 53.95 करोड़ रुपये
4. वॉर – 53.35 करोड़ रुपये
5. ठग्स ऑफ हिंदोस्तान – 52.25 करोड़ रुपये
6. हैप्पी न्यू ईयर – 44.97 करोड़ रुपये
7. हिंदुस्तान – 42.30 करोड़ रुपये
8. बाहुबली 2 – 41 करोड़ रुपये
9. प्रेम रत्न धन पायो- 40.35 करोड़ रुपये
10. गदर 2 – 40.10 करोड़ रुपये

