पंचायत के तीसरे सीजन से अभिषेक त्रिपाठी के रूप में जितेंद्र कुमार का पहला लुक जारी
Panchayat 3 first look: अमेजन प्राइम वीडियो की हिट सीरीज पंचायत के तीसरे सीजन से अभिषेक त्रिपाठी के रूप में अदाकार जितेंद्र कुमार का पहला लुक जारी हो गया है। अमेजन प्राइम वीडियो ने सोशल मीडिया पर शो का पहला लुक जारी किया। फोटो में, सीरीज में पंचायत सचिव की किरदार निभाने वाले अदाकार अपनी पीठ पर बैग के साथ मोटरसाइकिल चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि वह फुलेरा गांव छोड़ रहे हैं या नहीं।
पोस्ट में दूसरी तस्वीर में सीरीज के अन्य किरदारों को दिखाया गया है, जो एक बेंच पर बैठे हैं। बेंच पर जिनमें बनराकस, विनोद और माधव बैठे हुए दिख रहे हैं, जिन्हें क्रमशः दुर्गेश कुमार, अशोक पाठक और बुल्लू कुमार ने निभाया है। उनके पीछे की दीवार पर लिखा है, ”ठोकर लगती है तो दर्द होता है, तभी मनुष्य सीख पाता है।”
पंचायत के सेट से फोटोज़ हुईं वायरल
तस्वीरें प्राइम वीडियो के आधिकारिक इंस्टाग्राम एकाउंट पर इस कैप्शन के साथ साझा की गईं। इन तस्वीरों को साझा करते हुए कैप्शन दिया गया है, ”हम जानते हैं कि प्रतीक्षा असहनीय है, इसलिए हम आपके लिए सेट से कुछ लाए हैं! #पंचायतऑनप्राइम सीजन 3.” हालांकि, निर्माताओं ने अभी तक शो की रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है।
नीना गुप्ता ने नवंबर में शेयर किया था वीडियो
नवंबर में मंजू देवी की किरदार निभाने वाली नीना गुप्ता ने सीरीज की अपनी रैप-अप पार्टी से एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में वह अपने ऑनस्क्रीन पति और मंझे हुए अदाकार रघुबीर यादव के साथ नजर आ रही थीं। नीना ने कैप्शन में लिखा, ”पंचायत के तीसरे सीजन का समापन!”
सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज (ओटीटी) का पुरस्कार जीता
बता दें कि टीवीएफ के पंचायत के दूसरे सीजन ने हाल ही में आयोजित भारतीय तरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल (आईएफएफआई) के 54वें संस्करण में सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज (ओटीटी) का पुरस्कार जीता। इस श्रेणी को पहली बार फेस्टिवल में पेश किया गया था और पंचायत 2 इसे जीतने वाली पहली सीरीज थी।
पहला सीजन आया था 2020 में
यह सीरीज एक इंजीनियरिंग ग्रेजुएट की यात्रा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सीमित जॉब विकल्पों के कारण यूपी के काल्पनिक गांव फुलेरा में पंचायत सचिव बन जाता है। शो के पहले सीजन का प्रीमियर प्राइम वीडियो पर अप्रैल 2020 में कोविड लॉकडाउन अवधि के दौरान हुआ था। यह काफी पॉपुलर हुआ था और फैन्स ने इसे काफी अधिक पसंद भी किया था।

