Raghav Juyal Birthday Special : इस फैसले ने बदल कर रख दी राघव की जिंदगी

वीडियो देखकर सीखा डांस
राघव जुयाल के पिता का नाम दीपक जुयाल है जो पेशे से एडवोकेट हैं. वहीं, उनकी मां अलका जुयाल हाउसवाइफ हैं. राघव जुयाल की शुरुआती पढ़ाई दून इंटरनेशनल विद्यालय से हुई. बाद में उन्होंने डीएवी कॉलेज से ग्रेजुएशन किया. राघव ने कभी डांस की ट्रेनिंग नहीं ली. उन्होंने घर पर ही वीडियो देखकर डांस सीखा. आज राघव इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं. वह फैंस के बीच भी काफी पॉपुलर हैं. राघव जुयाल ने डांसिंग रियलिटी शो डांस इण्डिया डांस 3 से लोकप्रियता हासिल की. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस शो का हिस्सा बनने से पहले उन्हें ऑडिशन में रिजेक्ट कर दिया गया था? मिथुन चक्रवर्ती की वजह से उन्हें शो में एंट्री मिली और वे इस शो के कंटेस्टेंट बने और अपनी दमदार डांसिंग परफॉर्मेंस और स्लो मोशन स्टाइल से इसके फिनाले तक पहुंचे.
ऐसे मिथुन दा ने की थी उनकी मदद
दरअसल, शो में आने से पहले राघव जुयाल ने कभी किसी प्रोफेशनल डांसर से डांस नहीं सीखा था और न ही उन्होंने प्रोफेशनली डांस किया था. वर्ष 2012 में जब डीआईडी 3 के ऑडिशन चल रहे थे, तब उन्होंने भी ऑडिशन दिया और वे टॉप 18 में शामिल कंटेस्टेंट की लिस्ट में शामिल नहीं हो पाए. यानी उन्हें ऑडिशन में रिजेक्ट कर दिया गया. लेकिन ऑडिशन के दौरान राघव जुयाल की परफॉर्मेंस का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ. जब राघव को रिजेक्ट किया गया, तो लोगों ने उन्हें शो में बतौर कंटेस्टेंट शामिल करने की मांग की. जनता की मांग को देखते हुए शो के ग्रैंड मास्टर मिथुन चक्रवर्ती ने खास निर्णय लिया और राघव को अपने ट्रंप कार्ड के तौर पर वाइल्ड कार्ड राउंड में एंट्री दी.
रिया की फिल्म से किया डेब्यू
वे ‘डांस इण्डिया डांस’ में बतौर कंटेस्टेंट नजर आए थे. यहां से वे कामयाबी की सीढ़ियां चढ़ते चले गए. आपको बता दें कि राघव जुयाल ने रिया चक्रवर्ती की फिल्म ‘सोनाली केबल’ से फिल्मी दुनिया में कदम रखा था. इसके बाद वे डायरेक्टर रेमो डिसूजा की फिल्म ‘एबीसीडी 2’ में भी नजर आए, जहां से उन्हें और भी अधिक प्रशंसक मिले.

