Shaitaan Day 15 Box Office Report: बवंडर मचाने के बाद शांत हुआ ‘शैतान’, 15वें दिन धड़ाम से लुढ़क गया कलेक्शन
नई दिल्ली। बॉक्स ऑफिस पर अजय देवगन और आर माधवन की सुपरनैचुरल हॉरर फिल्म ‘शैतान’ का डंका बज रहा है। इसके आगे सभी फिल्में फेल हो गई हैं। यहां तक कि सिद्धार्थ मल्होत्रा की ‘योद्धा’ और अदा शर्मा की ‘बस्तर: द नक्सल स्टोरी’ का भी बल नहीं चला है। इन दोनों फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर पीछे छोड़ते हुए ‘शैतान’ की धुआंधार कमाई जारी है। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की रफ्तार में थोड़ी धीमी हुई है, लेकिन प्रत्येक दिन ये मूवी करोड़ों में कलेक्शन कर रही है। जानिए 15वें दिन ‘शैतान’ ने देशभर में कितना कलेक्शन किया है।

आर माधवन और अजय देवगन की ‘शैतान’ की रिलीज को दो सप्ताह पूरे हो चुके हैं, लेकिन अभी भी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाकर रखी है। कुछ दिनों पहले ही फिल्म ने देशभर में 100 करोड़ के आंकड़े को पार किया है। ‘शैतान’ ने देशभर में पहले सप्ताह 79.75 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था। दूसरे सप्ताह फिल्म ने 34.55 करोड़ की कमाई की।
देशभर में इतने करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है ‘शैतान’
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, अजय देवगन और आर माधवन की ‘शैतान’ ने दूसरे शुक्रवार को देशभर में 2.34 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। पिछले 15 दिनों में फिल्म ने हिंदुस्तान में टोटल 116.65 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है।
दुनियाभर में छाया ‘शैतान’ का काला जादू
देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी ‘शैतान’ का काला जादू छाया हुआ है। पूरे विश्व में ये फिल्म कमाई के मुद्दे में तहलका मचा रही है। वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो कुछ दिनों पहले ही ‘शैतान’ ने 150 करोड़ के आंकड़े को पार किया है। जियो स्टूडियो के मुताबिक, अब तक फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई 168.42 करोड़ रुपये हो चुकी है।
गौरतलब है कि आर माधवन और अजय देवगन की ‘शैतान 8’ मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसमें जानकी बोदीवाला और ज्योतिका ने अहम किरदार निभाई है। फिल्म का निर्देशन विकास बहल ने किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘शैतान’ को 60 से 65 करोड़ के बजट में बनाया गया है और इसने पहले सप्ताह ही अपनी लागत वसूल कर ली थी।

