इन हॉरर कॉमेडी फिल्मों ने रचा सफलता का इतिहास
भारत में फिल्मों का एक बड़ा बाजार है. हर वर्ष यहां हजारों फिल्में बनती हैं और हर शुक्रवार बॉक्स ऑफिस पर इन फिल्मों की किस्मत निर्धारित की जाती है. इनमें से कुछ फिल्में दर्शकों के दिल में स्थान बनाने में सफल नहीं हो पातीं. वहीं, कुछ फिल्में उनके दिल में घर कर जाती हैं. ऐसी फिल्में दर्शकों के मन पर इस तरह असर छोड़ जाती हैं कि दर्शक उनसे जुड़ से जाते हैं. इन फिल्मों का दर्शकों के साथ एक रिश्ता बन जाता है, जिसके बाद इन फिल्मों के कई भाग बनते हैं और सफल भी होते हैं. ऐसे में तब ये फिल्में महज फिल्में नहीं रहतीं, तब ये फिल्में एक फ्रेंचाइजी बन जाती है. आज हम इस लेख में बात करेंगे ऐसी हॉरर कॉमेडी फिल्मों की, जो कामयाबी के बाद एक फ्रेंचाइजी में बदल गईं.

स्त्री (2017)
यह फिल्म वर्ष 2017 में रिलीज हुई थी. फिल्म की हॉरर और कॉमेडी का तड़का दर्शकों को काफी पसंद आया था. फिल्म में राजकुमार राव, श्रद्धा कपूर, वरुण ग्रोवर, अभिषेक बनर्जी, पंकज त्रिपाठी, अपारशक्ति खुराना आदि कलाकार नजर आए थे. फिल्म का निर्माण दिनेश विजन और राज एंड डीके ने मिल कर किया था. वहीं, फिल्म का निर्देशन अमर कौशिक के जिम्मे था. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बहुत सफल साबित हुई थी. फिल्म की सफलता को देखते हुए निर्माताओं ने इसके अगले भाग का घोषणा कर दिया है, जो इस वर्ष ही रिलीज होने वाली है. इस फिल्म में पहले भाग के सभी कलाकार वापसी कर रहे हैं.
अरनमनई (2014)
अरनमनई फ्रेंचाइजी भी हॉरर कॉमेडी फिल्मों की बहुत लोकप्रिय श्रृंखला है. इसका पहला भाग अरनमनई वर्ष 2014 में रिलीज हुआ था. यह तमिल भाषा में बनाई गई थी. फिल्म में हंसिका मोटवानी, विनय राय, राय लक्ष्मी आदि कलाकार नजर आए थे. फिल्म को सुंदर सी ने लिखा और निर्देशित किया था. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर काफी सफल रही थी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 12 करोड़ में बनी फिल्म ने 22 करोड़ रुपये के आसपास कमाई की थी. फिल्म की कामयाबी के बाद निर्माताओं ने इसे एक फ्रेंचाइजी में बदल दिया और इसके अब तक चार भाग रिलीज हो चुके हैं. फिल्म का दूसरा भाग ‘अरनमनई 2’ वर्ष 2016 में रिलीज हुआ और वर्ष 2021 में इसका तीसरा भाग ‘अरनमनई 3’ रिलीज हुआ. इस वर्ष मई 2024 में फ्रेंचाइजी का चौथा भाग अरनमनई 4 रिलीज हुआ, जिसमें तमन्ना भाटिया, राशि खन्ना, सुंदर सी आदि कलाकार नजर आए. फिल्म ने तमिल और तेलुगु बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाने के बाद हिंदी में भी रिलीज हुई.
भूल भुलैया (2007)
यह फिल्म वर्ष 2007 में रिलीज हुई थी. फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया था, जबकि निर्माण टी सीरीज के बैनर तले भूषण कुमार ने किया था. फिल्म में अक्षय कुमार, शाइनी आहूजा, विद्या बालन, अमीषा पटेल, राजपाल यादव आदि कलाकार नजर आए थे. फिल्म एक हॉरर कॉमेडी थी, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी. फिल्म की कामयाबी के बाद निर्माताओं ने इसे फ्रेंचाइजी बना दिया, जिसके अनुसार इसका अगला भाग ‘भूल भुलैया 2’ वर्ष 2020 में रिलीज किया गया. इसमें कार्तिक आर्यन, तब्बू, कियारा आडवाणी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए थे. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर काफी सफल साबित हुई थी. अब फिल्म की तीसरी कड़ी भूल भुलैया 3 की घोषणा भी की जा चुकी है.
कंचना (2007)
हॉरर कॉमेडी फिल्मों में ‘कंचना’ फ्रेंचाइजी का नाम काफी प्रमुखता से लिया जाता है. राघव लॉरेंस की यह फ्रेंचाइजी पिछले कुछ वर्षों में व्यावसायिक रूप से काफी सफल रही है. कंचना फ्रेंचाइजी की हर फिल्म में हॉरर के साथ कॉमेडी का तड़का देखने को मिला है. यह तमिल भाषा की बहुत सफल हॉरर कॉमेडी फ्रेंचाइजी है, जिसे ‘मुनि’ के नाम से भी जाना जाता है. ‘मुनि’ वर्ष 2007 में रिलीज हुई थी. फिल्म में राघव लॉरेंस, सरथकुमार, लक्ष्मी राय आदि कलाकार नजर आए थे. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल साबित हुई और इसके बाद फिर निर्माताओं ने इसका अगला भाग बनाने की निश्चय किया. ‘मुनि’ के बाद इस का अगला भाग ‘मुनि 2’ वर्ष 2011 में रिलीज हुआ. इसे ‘कंचना 2’ के नाम से भी जाना जाता है, जिसकी कामयाबी के बाद इस फ्रेंचाइजी की तीसरी कड़ी ‘कंचना 3’ वर्ष 2019 में रिलीज हुई थी, जिसने 100 करोड़ से भी अधिक की कमाई की थी. अब निर्माता इसके चौथे भाग पर काम प्रारम्भ कर रहे हैं.

