शरीर के लिए किसी मजबूत सुरक्षा दीवार से कम नहीं होते हैं लिम्फ नोड्स, जानें कैसे…
हमारे शरीर में कई जटिल अंग होते हैं, जिनको समझना कठिन होता है लेकिन वो शरीर के लिए जरूरी किरदार निभाते हैं. ऐसा ही एक अंग है लिम्फ नोड्स, जो दिखने में मटर के दाने जैसा होता है लेकिन शरीर को कई तरह से सुरक्षा प्रदान करता है. हालांकि, छोटे आकार के होने की वजह से संक्रमण का खतरा बना सकता है.

लिम्फ नोड्स शरीर के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि ये प्रतिरक्षा प्रणाली का हिस्सा होते हैं. ये शरीर से निकलने वाले सफेद पानी जैसे पदार्थ लसीका द्रव को छानने का काम करते हैं और उसमें उपस्थित बैक्टीरिया और नुकसानदायक पदार्थों को अलग करने का काम करते हैं. यदि शरीर में कोई संक्रमण या नुकसानदायक बैक्टीरिया है, तो लिम्फ उन्हें समाप्त करने का काम करते हैं और शरीर की बीमारी प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं.
लसीका द्रव को साफ करना इनका मुख्य काम होता है. साफ होकर लसीका द्रव को वापस रक्तप्रवाह में भेजा जाता है. कुल मिलाकर ये एक छन्नी की तरह काम करता है. यदि फिर भी शरीर में किसी तरह का संक्रमण रह जाता है तो लिम्फ में मामूली सूजन आ जाती है और ये संकेत होता है कि शरीर में कुछ तो गड़बड़ है, लेकिन हर सूजन रोग का संकेत नहीं करती है. लिम्फ नोड्स केवल गर्दन में ही उपस्थित नहीं रहते हैं, बल्कि बगल, छाती और पेट में भी होते हैं. ये सारे मटर जैसे दाने 24 घंटे शरीर को रोंगों से बचाने का काम करते हैं.
लिम्फ नोड्स शरीर का इतना महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, तो इसका ध्यान रखना भी महत्वपूर्ण है. इसके लिए गर्म पानी का सेवन करना अच्छा रहेगा, क्योंकि गर्म पानी शरीर से टॉक्सिन निकालने का काम करता है और सारे गंदे बैक्टीरिया बाहर आ जाते हैं. इसके साथ हल्दी और अदरक का सेवन भी कर सकते हैं. इसे काढ़े के रूप में लिया जा सकता है. हल्दी और अदरक दोनों ही एंटीबायोटिक्स से भरपूर होती हैं, जो शरीर को रोगों से बचाती हैं.
मालिश और सिकाई करना भी लिम्फ नोड्स के लिए अच्छा होता है. यदि लिम्फ नोड्स में दुखन या सूजन का अहसास होता है, तो सेंक कर सकते हैं. सेंक करने के लिए सूती कपड़े को तवे पर गर्म करें और अपनी गर्दन पर लगाएं. लिम्फ नोड्स में सूजन आने की वजह से कई बार बुखार और निगलने में कठिनाई होती है. संतुलित आहार के जरिए भी लिम्फ नोड्स का ध्यान रखा जा सकता है. इसके लिए फलों के साथ-साथ प्रोटीन युक्त भोजन भी करना चाहिए, जो लिम्फ नोड्स को मजबूती देता है.

