नीट यूजी पेपर लीक : मिल गई वो डायरी, जिसमें है पूरा कच्चा-चिट्ठा
पटनाः नीट यूजी पेपर लीक में लगातार गिरफ्तारियां होती जा रही हैं और इसके साथ ही कई बड़े खुलासे भी हो रहे हैं। इसी कड़ी में झारखंड के देवघर से अरैस्ट आरोपी चिंटू से बिहार पुलिस की आर्थिक क्राइम शाखा (ईओयू) ने पूछताछ की, जिसमें कई बड़ी जानकारियां सामने आई हैं। इस दौरान ईओयू को एक डायरी भी मिली है। चिंटू ने पूछताछ के दौरान EOU को कहा कि हल किया हुआ प्रश्न पत्र उसे रॉकी ने व्हाट्सएप पर भेजा था। आरोपी रॉकी रांची में रहकर रेस्टोरेंट चलाता था, उसकी तलाश में कई स्थानों पर EOU ने छापेमारी की है। आरोपी चिंटू इस पूरे मुद्दे का मास्टरमाइंड संजीव मुखिया की भांजी का पति है। चिंटू ने ही संजीव के गैंग को प्रश्न पत्र दिया था।

डायरी से खुलेगा राज?
ईओयू ने देवीपुर थाना क्षेत्र में झुन्नू सिंह के घर से चिंटू समेत अन्य पांच आरोपियों को अरैस्ट किया। झुन्नू के घर की तलाशी के दौरान ईओयू को एक डायरी मिली है। इस डायरी में चिंटू समेत अन्य लोगों का हिसाब-किताब लिखा हुआ है। इस डायरी में अभ्यर्थियों के नाम, परीक्षा के नाम और कितनी राशि में सेटिंग कराई गई ये सभी बातें लिखी हुई हैं। डायरी में मिली जानकारी के आधार पर भी जांच एजेंसी कई तथ्यों को खंगालने में जुटी हुई है। डायरी में नीट पेपर लीक के प्रश्न पत्र का उत्तर देकर सेटिंग कराने का दर 30 लाख से 55 लाख तक लिखा है।
चिंटू से हो रही है पूछताछ
हैंडराइटिंग काफी खराब होने और जैसे-तैसे लिखे होने के कारण पूरी तरह से समझ पाने में EOU को काफी परेशानी हुई। अब ईओयू डायरी से मिली जानकारी के आधार पर भी चिंटू समेत अन्य से पूछताछ चल रही है। झुन्नू की इस मुद्दे में कितनी संलिप्तता है, इसकी जांच अभी होना बाकी है। बता दें कि मुद्दा सामने आने के बाद करीब 30 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिसमें प्रश्न पत्र लीक कराने वाले, आंसर उपलब्ध कराने वाले, अभ्यर्थियों को लाने वाले, मकान दिलाने वाले सभी लोग शामिल हैं।

