दौसा जिले में पहली बार कुराश खेल का प्रशिक्षण शिविर किया गया आयोजित
दौसा. जिला कराटे संघ के तत्वावधान में दौसा जिले में पहली बार कुराश खेल का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया. यह कैंप राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी के अनुसार लगाया गया, जिसमें सब जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर उम्र वर्ग के बालक-बालिकाओं ने भाग लिया.
इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में श्रीगंगानगर से पधारे विश्व कुराश चैंपियन डाक्टर धर्मेंद्र प्रसाद ने खिलाड़ियों को खेल की तकनीक, नियम और बारीकियों की गहन जानकारी दी. उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि कैसे अनुशासन, अभ्यास और आत्मविश्वास से राज्य स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन किया जा सकता है.
डॉ. प्रसाद ने प्रशिक्षण के दौरान कुराश की बुनियादी पकड़, गिराने की तकनीक और स्कोरिंग सिस्टम को विस्तार से समझाया. उन्होंने बोला कि यह पारंपरिक उज्बेक मार्शल आर्ट न सिर्फ़ शरीर को सशक्त बनाता है, बल्कि आत्म-नियंत्रण और मानसिक दृढ़ता भी विकसित करता है.
जिला कराटे संघ के सचिव पवन कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि डाक्टर धर्मेंद्र प्रसाद न सिर्फ़ वर्ल्ड कुराश चैंपियन हैं, बल्कि जनरल सेक्रेटरी ऑफ कुराश एजुकेशन प्रबंधन समिति, भारतीय कुराश एसोसिएशन के 2 स्टार रेफरी तथा भारतीय कुराश संगठन के एग्जीक्यूटिव मेंबर भी हैं.
प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों के साथ उनके माता-पिता कन्हैया लाल शर्मा, विष्णु शर्मा, डाक्टर रामावतार और राम सिंह गुर्जर भी मौजूद रहे. कार्यक्रम में संघ के संरक्षक अशोक पाराशर तथा विशिष्ट मेहमान सतीश चंद्र बैरवा जीरोता ने भी शिरकत की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया.
शिविर के सफल आयोजन से जिले में कुराश खेल के प्रति नयी जागरूकता आई है और आशा जताई जा रही है कि जिले के खिलाड़ी आनें वाले राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे.

