जानें, संदेश मिठाई बनाने की रेसिपी
संदेश मिठाई रेसिपी : बंगाल राज्य रसगुल्ला के साथ ही फेमस मिठाई संदेश के लिए भी काफी फेमस है। संदेश मिठाई की विशेषता इसका स्वाद और कम समय में ही बनकर तैयार होना है। इस बार रक्षाबंधन (Raksha Bandhan 2023) पर यदि आपका शेड्यूल अधिक टाइट है या फिर आप बाजार के बजाय घर की मिठाई ही खाना चाहते हैं तो बंगाली मिठाई संदेश का लुत्फ उठा सकते हैं। स्वाद से भरपूर संदेश को जो खाएगा वो इसके स्वाद की प्रशंसा किए बिना नहीं रह सकेगा।

संदेश मिठाई बनाने के लिए बहुत सीमित सामग्रियों की आवश्यकता होती है। आज हम आपको पनीर, चीनी और इलायची पाउडर से संदेश बनाने का तरीका बताएंगे। हमारी बताई विधि का पालन कर इस मिठाई को आप बहुत सरलता से बना सकते हैं।
संदेश बनाने के लिए सामग्री
पनीर क्रम्बल्ड – 2 कप
चीनी पाउडर – 1 कप
इलायची पाउडर – 1 टी स्पून
संदेश बनाने की विधि
स्वादिष्ट मिठाई संदेश बनाने के लिए सबसे पहले इस बात का ध्यान रखें कि पनीर हमेशा अच्छी क्वालिटी का और बिल्कुल सॉफ्ट हो। इसके बाद हाथों से पनीर को क्रम्ब्लड करें। चाहें तो पनीर को छोटे क्यूब्स में भी काट सकते हैं और फिर बाद में उन्हें मिक्सर की सहायता से पीस सकते हैं। क्रम्ब्लड पनीर को एक प्लेट में निकालें और उसमें स्वादानुसार चीनी पाउडर डालकर अच्छी तरह से मिक्स करें।
अब एक कड़ाही लें और उसे मीडियम आंच पर गर्म करें। जब कड़ाही गर्म होने लगे तो उसमें पनीर और चीनी का मिश्रण डालकर चलाते हुए भूनें। कुछ देर तक भूनने के बाद मिश्रण में इलायची पाउडर डालकर मिला लें। इस मिश्रण को तब तक पकाना है जब तक कि यह कड़ाही को छोड़ने न लग जाए। इसके बाद गैस बंद कर दे और मिश्रण को ठंडा होने के लिए रख दें।
जब तक मिश्रण ठंडा हो रहा है उस बीच एक गोल कटोरी लें और उसके तले पर हल्का सा घी लगा दें। इसके बाद जब मिश्रण हल्का गर्म रह जाए तो उसे कटोरी में डालें और 15 मिनट के लिए सैट होने के लिए छोड़ दें। तय समय के बाद एक प्लेट में संदेश को निकाल लें। इसे चाहें तो ड्राई फ्रूट्स कतरन से सजा सकते हैं। इसे मनचाहे आकार में काटकर भी सर्व किया जा सकता है।

