MP Weather: इन जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट हुआ जारी
भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल चुका है। यहां वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर वज्रपात और बारिश के रूप में देखने को मिलने लगा है। सोमवार रात को राजधानी भोपाल सहित कई शहरों में बूंदाबांदी का दौर देखने को मिला। हालांकि, दिन में कुछ जिलों में तेज धूप रही। मंडला में पारा 39 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रात का न्यूनतम पारा छतरपुर के नौगांव में 12.5 डिग्री रहा।

मौसम वैज्ञानिक दिव्या सुरेंद्रन के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में खासी उछाल देखने को नहीं मिली है। वहीं, सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में सुबह से बादल छाए रहे। वर्तमान समय में प्रदेश के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है। साथ ही एक ट्रफ लाइन प्रदेश के बीच से होकर गुजर रही है। इसके चलते अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के मौसम में परिवर्तन देखने को मिलेगा।
इन जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। इसमें खंडवा, खरगोन, बड़वानी, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पांढुर्ना, रायसेन, सीहोर, बालाघाट और सागर जैसे करीब 15 जिले शामिल है। यहां वज्रपात के साथ बारिश और ओले गिरने की भी संभावनाएं बनी हुई है।
मंडला में पारा सबसे ज्यादा
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक तापमान मंडला जिले में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अतिरिक्त बैतूल में 38.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं धार में 38.4 डिग्री, नरसिंहपुर में 38.2 डिग्री और मलाजखंड (बालाघाट) में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो नौगांव (छतरपुर) में पारा सबसे कम 12.5 डिग्री, सीधी में 12.8 डिग्री, कल्याणपुर (शहडोल) में 13.2 डिग्री, देवरा (सिंगरौली)/खजुराहो (छतरपुर) में 13.4 डिग्री और गिरवर (शाजापुर) में 13.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
भोपाल में पारा 35 डिग्री
प्रदेश के पांच बड़े शहरों के अधिकतम तापमान की बात करें तो रविवार को इंदौर और उज्जैन का अधिकतम तापमान सबसे अधिक दर्ज किया गया। यहां पारा 38.5 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अतिरिक्त जबलपुर अधिकतम तापमान में 36.4 डिग्री, ग्वालियर में 36.2 डिग्री, इंदौर में 35.4 डिग्री और भोपाल में 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

