सीटीईटी में बिहार से चार लाख 32 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल
CTET: केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) में बिहार से चार लाख 32 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। रविवार को परीक्षा है। सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय में शनिवार को केंद्राधीक्षकों की बैठक हुई। राज्य के सात शहरों में चार सौ से अधिक परीक्षा केंद्र बनाये गये है। पटना के अतिरिक्त मुजफ्फरपुर, भागलपुर, भोजपुर, छपरा, गया और दरभंगा जिला शामिल है। सबसे अधिक दो सौ परीक्षा केंद्र सिर्फ़ पटना जिले में ही हैं।

कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए सीबीएसई ने निरीक्षण टीम बनाई है। कोविड-19 संक्रमण के कारण 2021 और 2022 में औनलाइन परीक्षा हुई थी। दिसंबर 2022 में औनलाइन परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र लिक होने के कारण बोर्ड ने फिर ऑफलाइन परीक्षा लेने का फैसला लिया है। परीक्षा दो पालियों में होगी।
हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश केंद्राधीक्षकों को दिया गया है।
अभ्यर्थियों के सामने खुलेगा बुकलेट प्रश्न पत्र का बुकलेट परीक्षा हॉल में खुलेगा। सभी केंद्राधीक्षक इसकी वीडियोग्राफी भी करेंगे। वीडियो और फोटो खींच कर तुरंत सीबीएसई के पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। इसके लिए बोर्ड ने पोर्टल बनाया है। इस पोर्टल पर वीडियो और फोटो अपलोड करने के लिए सभी केंद्राधीक्षकों यूजर आईडी और पासवर्ड दिया गया है। परीक्षा समाप्त होने के पहले अनेक वीक्षक जांच करेंगे कि अभ्यर्थियों ने सारी जानकारी प्रश्न पत्र पर भरा है या नहीं। परीक्षा के दौरान किसी भी विद्यार्थी को बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। बोर्ड सूत्रों के मुताबिक प्रश्न पत्र के लिए ट्रैकिंग प्रबंध की गयी है। केंद्राधीक्षक प्रश्न पत्र लेकर जाएंगे तो उन्हें एक एप को डाउनलोड करना होगा। इस एप से बोर्ड प्रश्न पत्र की ट्रैकिंग करेगा।

