आइए जानते हैं, चना दाल बर्फी बनाने का आसान तरीका
चना दाल बर्फी रेसिपी रक्षाबंधन (Raksha Bandhan 2023) के त्योहार के लिए आप यदि पारंपरिक मिठाइयों को बनाना पसंद करते हैं तो चना दाल बर्फी एक बढ़िया विकल्प हो सकता है। इस पारंपरिक मिठाई का लाजवाब स्वाद खाने वाले को दीवाना बना देता है। रिश्तों में मिठास घोलने वाले इस पर्व में मिठाइयों का विशेष महत्व होता है। ऐसे में घरों में कई वैराइटीज की स्वीट डिशेस तैयार की जाती हैं। चना दाल बर्फी भी एक ऐसी ही स्वीट डिश है जिसे पसंद करने वालों की कमी नहीं है।

आप यदि चना दाल बर्फी खाना पसंद करते हैं तो हलवाई जैसी इस स्वीट डिश को घर पर भी बना सकते हैं। इसे बनाना काफी सरल है और इसका स्वाद बच्चों को भी काफी पसंद आता है। आइए जानते हैं चना दाल बर्फी बनाने का सरल तरीका।
चना दाल बर्फी बनाने के लिए सामग्री
चना दाल – 1 कप
दूध – 2 कप
काजू – 3 टेबलस्पून
बादाम – 3
पिस्ता कतरन – 1 टेबलस्पून
इलायची – 5-7
देसी घी – 1/2 कप
चीनी – 1 कप
चना दाल बर्फी बनाने की विधि
रक्षाबंधन के लिए पारंपरिक मिठाई चना दाल बर्फी बनाना है तो सबसे पहले चना दाल साफ करें। इसके बाद एक बर्तन में पानी को हल्का गर्म करें और उसमें चना दाल डालकर 2 घंटे के लिए भिगोकर रख दें। तय समय के बाद भिगोई दाल को छलनी में डालकर अतिरिक्त पानी को निकाल दें। इसके बाद काजू और बादाम को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। फिर इलायची को छीलकर दानें निकालें और उन्हें भी कूटकर दरदरा पाउडर तैयार कर लें।
अब छलनी की दाल को एक सूती कपड़े पर डालकर फैलाएं और उसे हल्का सा पोछ लें। इसके बाद एक कड़ाही में देसी घी डालकर उसे गर्म करें। घी पिघलने पर चने की दाल डालें और उसे चलाते हुए तब तक भूनें जब तक उसका रंग हल्का सुनहरा होकर दाल क्रिस्पी न हो जाए। इस दौरान गैस की फ्लेम तेज रखें। दाल 10 से 15 मिनट में अच्छे से भुन जाएगी। इसके बाद दाल को एक प्लेट में निकाल लें और ठंडा होने दें, वहीं कड़ाही के घी को निकालकर एक बाउल में रख दें।
जब दाल मामूली गर्म रह जाए तो उसे मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें। अब कड़ाही में दूध और चीनी डालकर तब तक पकाएं जब तक कि चीनी दूध के साथ एकसार न हो जाए। इसके बाद दूध में पिसी हुई चने की दाल डालें और बचा हुआ घी भी इसमें मिला दें। अब चम्मच से चलाते हुए सभी चीजों को पकने दें। मिश्रण को बर्फी जमने जितनी कंसिस्टेंसी आने तक पकाएं फिर गैस बंद कर दें।
अब एक थाली या ट्रे लेकर उसके तले पर घी लगाएं और तैयार मिश्रण को डालकर उसे समान अनुपात में फैला दें। इसके ऊपर बारीक कटी बादाम, काजू और पिस्ता कतरन डालकर उसे चम्मच की सहायता से हल्का सा दबा दें। इसके बाद बर्फी को सैट होने के लिए रख दें। बर्फी जम जाने के बाद चाकू की सहायता से अपने मनपसंद आकार में इसे काट लें। रक्षाबंधन के लिए टेस्टी चना दाल बर्फी बनकर तैयार है। इसे जो खाएगा प्रशंसा किए बिना नहीं रह सकेगा।

