डोसे के साथ खाने के लिए झटपट बनाएं साउथ इंडियन स्टाइल सांभर, बेहद आसान है रेसिपी
South Indian Sambar Recipe in Hindi: सांभर एक ऐसी डिश है जो बच्चों से लकर बड़ों तक सभी को खूब पसंद आती है। इसे साउथ इण्डिया की रसोई की जान माना जाता है। गरमागरम इडली, डोसा, वडा या चावल के साथ जब सांभर परोसा जाए, तो इसका स्वाद दोगुना हो जाता है। यह सिर्फ़ स्वाद में ही नहीं बल्कि स्वास्थ्य के लिहाज़ से भी लाभ वाला होता है क्योंकि इसमें ढेर सारी सब्जियां और दाल होती हैं। बहुत से लोग सोचते हैं कि सांभर बनाना बहुत कठिन काम है या इसमें बहुत सारी चीजें लगती हैं, लेकिन यदि ठीक सांभर रेसिपी पता हो तो इसे घर पर बहुत सरलता से बनाया जा सकता है। सांभर में इस्तेमाल होने वाली अरहर दाल प्रोटीन से भरपूर होती है और सब्जियां शरीर को आवश्यक पोषण देती हैं। अरहर दाल तो वैसे भी लोग बहुत स्वाद के साथ खाते हैं।

सबसे अच्छी बात यह है कि यह डिश मामूली और पचने में आसान होती है। चलिए अब जानते हैं कि पारंपरिक साउथ भारतीय स्टाइल में सांभर कैसे बनाया जाता है।
सांभर बनाने के लिए आवश्यक सामग्री इस प्रकार है-
- अरहर दाल – 1 कप
- पानी – 3 कप (दाल पकाने के लिए)
- सांभर मसाला – 2 बड़े चम्मच (इसे आप दुकान से खरीदकर ला सकते हैं)
- इमली का गूदा – लगभग 1 छोटा चम्मच या उतना जितना एक छोटे नींबू का रस होता है (आप चाहें तो एक छोटा नींबू जितनी इमली को पानी में भिगोकर उसका गूदा निकाल लें)
- सरसों के दाने – 1/2 छोटा चम्मच
- करी पत्ता – 8-10 पत्तियां
- हींग – 1 चुटकी
- सूखी लाल मिर्च – 2
- हल्दी – 1/2 छोटा चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- तेल – 2 बड़े चम्मच
- कटी हुई सब्जियां जैसे भिंडी, कद्दू, बैंगन, गाजर, टमाटर, ड्रमस्टिक, लौकी, अरबी आदि – 1.5 कप
बनाने की विधि स्टेप बाय स्टेप इस प्रकार है-
- 1. सबसे पहले अरहर की दाल को धोकर कुकर में 3 कप पानी, हल्दी और थोड़ा सा ऑयल डालकर 3-4 सीटी में अच्छे से पका लें।
- 2. इसके बाद अब दाल को अच्छी तरह मैश कर लें और अलग रख दें।
- 3. इमली को आधा कप गुनगुने पानी में भिगो दें और फिर उसका गूदा निकाल लें।
- 4. एक कढ़ाई में थोड़ा सा ऑयल गरम करें, उसमें सरसों के दाने, हींग, करी पत्ता और सूखी मिर्च डालकर तड़का लगाएं।
- 5. अब इसमें कटी हुई सब्जियां डालें और 5 मिनट तक मध्यम आंच पर अच्छे से भूनें।
- 6. फिर इसमें इमली का पानी डालें और 5-7 मिनट पकाएं ताकि कच्चापन दूर हो जाए। स्वाद अच्छा निकलकर आए।
- 7. अब इसमें मसली हुई दाल और सांभर मसाला डालें। साथ ही स्वाद मुताबिक नमक भी मिला दें।
- 8. पूरे मिश्रण को 10-12 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें ताकि स्वाद अच्छे से मिल जाए। इसके बाद आपका टेस्टी सांभर तैयार हो जाएगा।

