महंगी से महंगी मिठाइयों को फेल कर देता है इस सब्जी से बना हलवा
लोग अक्सर अपने घर पर कद्दू की सब्जी बनाकर खाना पसंद करते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि कद्दू से केवल सब्जी ही नहीं, बल्कि हलवा भी बनाया जा सकता है? इतना ही नहीं, कद्दू से बना हलवा दूसरे सभी हलवों और मिठाइयों के स्वाद को भी पीछे छोड़ देता है। इसे बनाने में मात्र 30 मिनट का समय लगता है। जानते हैं इसकी रेसिपी ताकि आप भी इस त्योहार इसे ट्राय कर सकें।

दूसरे हलवों से अलग
विभिन्न प्रकार की डिश बनाने में रुचि रखने वाली शालू बताती हैं कि उन्हें नए-नए व्यंजन तैयार करना अच्छा लगता है और वह कई सालों से तरह-तरह की डिश बना रही हैं। इनमें से एक है कद्दू का हलवा। उन्होंने अपनी माता कविता से कुकिंग सीखी है और रोज़ कुछ नया बनाकर परिवारवालों को खिलाना पसंद करती हैं।
हाल ही में उन्होंने कद्दू का हलवा बनाया, जिसमें पका हुआ पीला कद्दू, दूध, चीनी, मावा, इलायची, देसी घी और ड्राई फ्रूट्स का इस्तेमाल किया। यह हलवा घर पर कुछ ही मिनटों में सरलता से तैयार किया जा सकता है और इसका स्वाद अन्य हलवों से एकदम अलग होता है।
नोट करें रेसिपी
शालू ने लोकल 18 से वार्ता में कहा कि वह मात्र 21 वर्ष की हैं और 12 वर्ष की उम्र से ही उन्हें कुकिंग का शौक है। उन्होंने अपनी माता से यह कला सीखी और नए-नए व्यंजन बनाना उन्हें बहुत पसंद है। कद्दू के हलवे को बनाने के लिए सबसे पहले पका हुआ पीला कद्दू चुना जाता है। इसके छिलके उतारकर छोटे-छोटे टुकड़े काटकर कुकर में डालकर दो सीटी मारकर उबाल लिया जाता है।
ऐसे बढ़ता है स्वाद
इसके बाद एक कढ़ाई में दूध लेकर उसमें उबला हुआ कद्दू डालकर अच्छे से मिला दिया जाता है। जब मिश्रण अच्छी तरह से मिल जाए, तो उसमें स्वादानुसार चीनी डालकर पकाया जाता है। कुछ देर बाद दो से तीन चम्मच देसी घी डालकर अच्छे से भून लिया जाता है। फिर दो से तीन इलायची पीसकर डाली जाती हैं और स्वाद बढ़ाने के लिए मावा और ड्राई फ्रूट्स भी मिलाए जाते हैं।
यह हलवा 25 से 30 मिनट में बनकर तैयार हो जाता है और इसका स्वाद लाजवाब होता है। यदि घर में मेहमान आ रहे हैं, तो कद्दू का हलवा बनाकर उन्हें परोसा जा सकता है, जो हर किसी को पसंद आएगा। इस त्योहार बाकी ट्रेडिशनल मिठाइयों के अतिरिक्त आप कद्दू का हलवा भी बना सकते हैं।

