पानी की टंकी में इस लकड़ी को डालने से शैवाल व हरी काई होगी साफ़
रायबरेली: हमारे आसपास कई तरह के औषधीय पौधे पाए जाते हैं जिनका अपना अलग महत्व होता है। इन्हीं पौधों में से एक है जामुन का पौधा, जो हमारी स्वास्थ्य के लिए तो लाभ वाला होता है। साथ ही यह कई घरेलू इस्तेमाल में भी काम में आता है। तो आईए जानते हैं कि जामुन के उन फायदों के बारे में जो हमें नहीं हैं मालूम।
औषधीय गुणों से भरपूर होता है जामुन
रायबरेली जिले के अखिल आयुर्वेद केंद्र के संचालक अखिलेश कुमार (बीएएमएस लखनऊ यूनिवर्सिटी लखनऊ) लोकल 18 से बात करते हुए बताते हैं कि जामुन का फल ,पत्तियां , छाल तो हमारे लिए लाभ वाला होती ही है। साथ ही इसकी लकड़ी में भी कई गुण पाए जाते हैं। इसी वजह से यह हमारे लिए बहुत उपयोगी होती है। जामुन की लकड़ी को पानी की टंकी में डाल देने से उसमें शैवाल और हरि काई नहीं लगती है। इसी कारण पुरातन काल में लोग इसकी लकड़ी का इस्तेमाल नाव बनाने में करते थे। साथ ही जब गांव में हुए कुंए खोदे जाते थे, तो उसकी तलहटी में जामुन की लकड़ी को डाला जाता था, जिसे “जमोट” बोला जाता था। इस कुएं में डालने का उद्देश्य यही होता था कि कुएं में शैवाल और काई ना जमने पाए। साथ ही कुएं का पानी स्वच्छ और ताजा बना रहे।
शरीर के लिए है बहुत फायदेमंद: अखिलेश कुमार बताते हैं कि जामुन हमारी स्वास्थ्य के लिए भी लाभ वाला होती है, क्योंकि इसमें विटामिन सी, आयरन और इंसुलिन भरपूर मात्रा में पाया जाता है। जो हमारे शरीर की हीमोग्लोबिन की मात्रा को बढ़ाने के साथ ही डायबिटीज की रोग से भी बचाव करने में कारगर होता है। साथ ही इसकी पत्तियों में एंटी डायबिटिक गुण पाए जाते हैं जो रक्त शुगर को नियंत्रित करने में कारगर होते हैं।
पानी की टंकी में डाल दें एक टुकड़ा: छत पर रखी पानी की टंकी में शैवाल और हरी काई न लगे इसके लिए आप पानी की टंकी में जामुन की लकड़ी का एक छोटा सा टुकड़ा डाल दें। जिससे पानी साफ और स्वच्छ होने के साथ ही टंकी भी एकदम साफ सुथरा बनी रहेगी। इसी के साथ ही आपको टंकी की सफाई के लिए भी अधिक परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसके अलावा, जामुन की लकड़ी का छोटा सा गुटका पानी की टंकी में डालने पर पानी में एक्स्ट्रा मिनरल्स भी मिलेंगे, जिससे उसका टीडीएस भी संतुलित रहेगा।

