इस आसान और देसी तरीक़े से करें धनिया की बुवाई
शाहजहांपुर : यदि आप कम दिन और कम लागत में ज़्यादा फायदा कमाना चाहते हैं, तो सितंबर महीने में किसान हरे धनिया की खेती से बंपर कमाई कर सकते हैं। एक्सपर्ट के मुताबिक धनिया की खेती में खर्च कम आता है और यह फसल कम समय में तैयार हो जाती है। हालांकि, धनिया की बुवाई में सबसे बड़ी चुनौती बीज जमाव (जर्मिनेशन) की होती है। कई बार बीज ठीक से अंकुरित नहीं हो पाता, जिससे किसानों को हानि उठाना पड़ता है। लेकिन, जानकारों की मानें तो एक आसान देसी तरीक़े से इस परेशानी को दूर किया जा सकता है और सौ फीसदी जमाव हासिल किया जा सकता है।

जिला उद्यान अधिकारी डाक्टर पुनीत कुमार पाठक ने कहा कि धनिया के बीजों का कठोर आवरण (कवर) ही उनके जमाव में सबसे बड़ी बाधा है। किसान अक्सर बीजों को सीधे बो देते हैं, जिससे जमाव प्रभावित होता है। सौ फीसदी जमाव के लिए किसान बुवाई से पहले बीजों को हल्का सा तोड़ लेना चाहिए, और बेहतर जमाव के लिए किसान बीज भिगोने के बाद बुवाई करें।
लकड़ी या बेलन से करें ये जुगाड़
खेत की तैयारी के बाद बीजों को दो हिस्सों में तोड़ लें, किसान उन्हें किसी कठोर सतह पर रखकर हल्के हाथ से बेलन या लकड़ी के टुकड़े से चला सकते हैं। इसके बाद, इन टूटे हुए बीजों को बुवाई से 10 से 12 घंटे पहले पानी में भिगोकर रख दें। इस प्रक्रिया से बीजों का कठोर आवरण नरम हो जाएगा और जमाव में सरलता होगी। इस साधारण विधि से किसान अपनी फसल से बेहतर पैदावार और ज़्यादा फायदा पा सकते हैं। बीज को बुवाई से पहले उपचारित जरूर करें, उपचारित करने के लिए किसान कार्बेंडाजिम (Carbendazim) का इस्तेमाल कर सकते हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
हरा धनिया की खेती के लिए किसानों को ऐसी जमीन का चुनाव करना चाहिए, जहां से जल निकासी बेहतर हो, बारिश में जल भराव ना होता हो। जल भराव होने से फसल खराब हो सकती है। हरा धनिया की फसल लगाने के लिए किसानों को खेत की अच्छी तरह से जुताई करनी चाहिए और मिट्टी को भुर भुरा बना लें। उसके बाद पाटा चला कर खेत को समतल कर लें। खेत को समतल करने के बाद किसान बेड बना लें। बेड के ऊपर ही हरा धनिया के बीज लगाएं।
8 बार होगी कमाई
हरा धनिया की फसल से एक बार बुवाई के बाद किसान लगातार कई बार आमदनी ले सकते हैं। हरा धनिया की फसल पहली कटिंग 20 से 25 दिनों में तैयार हो जाती है। उसके बाद 7 से 8 दिन के अंतराल पर लगातार किसान 7 से 8 कटिंग सरलता ले सकते हैं, यदि किसान हरा धनिया के फसल की बेहतर ढंग से देखभाल करें तो कटिंग की संख्या को और बढ़ाया जा सकता है, किसानों को अधिक उत्पादन और मोटी कमाई होगी।

