नैनीताल में बोटिंग के अनुभव को और बेहतर बनाने वाली हैं ये बोट्स, अपनी पसंद के हिसाब से कर सकते हैं चुनाव
गर्मियों की छुट्टियों में यदि आप उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो यहां की शांत और खूबसूरत नैनी झील में बोटिंग करना अपनी लिस्ट में जरूर शामिल करें। सरोवर नगरी के नाम से मशहूर नैनीताल में बोटिंग का अनुभव न सिर्फ़ यादगार होता है, बल्कि यह झील के बीचों-बीच ठंडी हवा और प्राकृतिक नज़ारों के साथ शाँति देने वाला होता है। खास बात यह है कि यहां तीन तरह की नावें पर्यटकों के लिए मौजूद हैं। पैडल बोट, चप्पू नाव और पाल नाव और आप अपनी पसंद और मिजाज के हिसाब से इनमें से कोई भी नाव चुन सकते हैं।

नैनीताल नाव मालिक समिति के सचिव नरेंद्र सिंह चौहान बताते हैं कि नैनीझील में तीन तरह की भिन्न भिन्न नावें चलती हैं। जिनमें नौकायन करने का भी अलग मजा है। यदि आप स्वयं नाव चलाकर थोड़ा रोमांच (एडवेंचर) महसूस करना चाहते हैं तो पैडल बोट आपके लिए बिल्कुल ठीक विकल्प है। इस नाव को पैरों से चलाना होता है, जिसमें आमतौर पर दो से चार लोग बैठ सकते हैं। यह बोट युवाओं और कपल्स के बीच काफी लोकप्रिय है। पैडल बोट में आप अपनी रफ्तार से नैनी झील की सैर कर सकते हैं। नैनीझील में टू सीटर और फोर सीटर मिलकर कुल 90 पैडल बोट चलती हैं, जिनका किराया 320 रूपये और 420 रुपये प्रति घंटा निर्धारित है।
चप्पू वाली नाव का अलग अनुभव
नरेंद्र बताते हैं कि यदि आप आराम और शाँति पसंद करते हैं तो आपके लिए चप्पू नाव (रोविंग बोट) सबसे बढ़िया ऑप्शन है। इस नाव को एक पेशेवर नाविक चलाता है, जो पर्यटकों को उनके टिकट के हिसाब से झील का पूरा और आधा चक्कर लगवाता है। इसमें बैठकर आप प्रकृति का आनंद ले सकते हैं और नैनीताल से जुड़े रोचक किस्से भी नाविक से सुन सकते हैं, फैमिली टूरिस्ट्स के बीच यह बोट काफी लोकप्रिय है। जिसका टिकट पूरे चक्कर का 320 रुपये है और आधे चक्कर का 420 रुपये निर्धारित है। नैनीताल में कुल चप्पू वाली नावों की संख्या 222 हैं।
पाल नाव है सबसे हटकर
अगर आप नैनीताल आकर कुछ हटकर और थोड़ा साहसिक अनुभव करना चाहते हैं, तो पाल नाव को चुन सकते हैं, यह नाव हवा के बल पर चलती है और इसका अनुभव एकदम अलग होता है। पाल नावें आमतौर पर अनुभवी नाविक ही चलाते हैं और इनका संतुलन बनाए रखना एक कला होती है। इस नाव में सवारी करते हुए आपको झील के मध्य भाग में पहुंचकर वास्तविक रोमांच का अनुभव होता है। इस नाव की सवारी के लिए आपको नैनीताल के बोट हाउस क्लब में संपर्क करना होगा, वहां से 500 रूपये प्रति बोट के हिसाब से टिकट लेकर आप इस नाव का अनुभव ले सकते हैं। नैनी झील में बोटिंग सुबह से शाम तक की जाती है, लेकिन सबसे खूबसूरत अनुभव सूरज डूबने से पहले का होता है, जब झील का पानी सुनहरे रंग में नहा जाता है।

