इन आसान टिप्स और हैक्स से सफाई का काम न सिर्फ तेज़ होगा, बल्कि कम मेहनत में पा सकते हैं बेहतर परिणाम
नई दिल्ली: घर की सफाई अक्सर एक थकाने वाला और समय लेने वाला काम होता है।कई बार सफाई में इतना समय लग जाता है कि अन्य महत्वपूर्ण कामों के लिए समय नहीं मिल पाता। खासतौर पर यदि आपके घर के इर्द-गिर्द कंस्ट्रक्शन चल रहा हो, तब तो आए दिन घर में धूल और मिट्टी जमी रहती है। ये हर घर की परेशानी है और अब हर रोज़ धूल तो घर के अंदर आ जाती है, लेकिन हर रोज़ डस्टिंग कर पाना आसान नहीं होता। ऐसे में क्या किया जाए? लेकिन यदि आप कुछ आसान टिप्स और हैक्स अपनाएं तो सफाई का काम न केवल तेज़ होगा, बल्कि आप कम मेहनत में बेहतर रिज़ल्ट भी पा सकते हैं। आइए जानते हैं कुछ ऐसे आसान सफाई हैक्स, जिनसे आप अपना समय और मेहनत दोनों बचा सकते हैं।

वैक्यूम क्लीनर
घर में जमी धूल को साफ करने के लिए वैक्यूम क्लीनर का इस्तेमाल करना बहुत आसान हो सकता है। यह एक छोटे हैंडहेल्ड वैक्यूम क्लीनर से भी किया जा सकता है, जो कपड़े की तुलना में अधिक कारगर ढंग से धूल को साफ करता है। जबकि कपड़े से सफाई करने पर धूल पूरी तरह से हट नहीं पाती, वैक्यूम क्लीनर से आप सरलता से पर्दों को साफ कर सकते हैं। गद्दों, टेबल और कोनों में जमी धूल को हटा सकते हैं। फ्रिज, शेल्फ और दरवाजों पर जमी धूल को भी साफ कर सकते हैं। यदि आपके घर में धूल अधिक आती है, तो यह एक छोटा वैक्यूम क्लीनर आपके लिए एक बेहतरीन निवारण हो सकता है।
गीले कपड़े से सफाई करें
धूल को पूरी तरह से साफ करने के लिए गीले कपड़े का इस्तेमाल करें। सूखा कपड़ा सिर्फ़ धूल को हवा में फैलाता है, जबकि गीला कपड़ा धूल को खींचकर हटाता है, जिससे घर में कम धूल रहती है। यह तरीका खासकर फर्नीचर और सतहों की सफाई के लिए असरदार है।
एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल
घर में हवा को शुद्ध करने के लिए एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल भी बहुत कारगर हो सकता है। यह धूल, धुएं और अन्य प्रदूषकों को हवा से हटाता है और घर में ताजगी बनाए रखता है। यदि आप धूल की परेशानी से जूझ रहे हैं, तो एक अच्छा एयर प्यूरीफायर आपके घर के वातावरण को शुद्ध कर सकता है।
ग्रीन प्लांट्स का इस्तेमाल करें
घर में ग्रीन प्लांट्स रखने से न सिर्फ़ वातावरण ताजगी से भरपूर रहता है, बल्कि यह धूल को भी अवशोषित करते हैं। कुछ पौधे जैसे कि एरिका पाम और स्पाइडर प्लांट हवा को शुद्ध करने और धूल को कम करने में सहायता करते हैं।
डोर मैट का इस्तेमाल करें
घर में प्रवेश करते समय धूल को बाहर ही रोकने के लिए डोर मैट का इस्तेमाल करें। घर के बाहर एक अच्छा गंदगी को हटाने वाला मैट रखें ताकि बाहर से आने वाले जूते या चप्पल से घर में धूल ना आ सके।

