गेहूं को घुन से बचाने के लिए अपनाए इन ट्रिक्स को…
How to Protect wheat From Insects: अधिकतर लोग फ्रेश चक्की के आटे से बनी रोटियां खाना पसंद करते हैं। ऐसे में वे घर में ही गेहूं स्टोर करके रख लेते हैं। बाजार में मिलने वाला गेहूं के आटे में कई बार मिलावट होने का भी संदेह रहता है। कई बार गेहूं के आटे की बजाय रोटी खाने में मैदे सा लगता है। ऐसे में लोग गेहूं ही एक साथ 5-10 किलो खरीद कर घर में स्टोर कर लेते हैं। लेकिन, कई बार अधिक गर्मी, बारिश के मौसम में गेहूं में भी घुन लग जाता है। यदि ठीक से ध्यान न दिया जाए तो आपके सारे गेहूं को घुन खाकर खोखला कर देता है। इससे आपके पैसे भी बर्बाद होते हैं। आपने भी गेहूं रखा है घर में तो इसे घुन से बचाने के लिए इन ट्रिक्स को अपनाकर स्टोर करें, ताकि गेहूं कई महीनों तक खराब न हो।
गेहूं में घुन नहीं लगेंगे, करें ये काम
– गेहूं के जार, बोरी में आप सूखी हुई नीम की पत्तियां डाल दें। आप चाहें तो फ्रेश नीम की पत्तियों को एक कपड़े की पोटली में बांधकर भी रख सकते हैं। इससे घुन नहीं लगेंगे और गेहूं शीघ्र खराब नहीं होगा।
– आपके पास 4-5 किलो गेहूं है तो उसे घुन से बचाने के लिए आप करेले का छिलका भी डाल सकते हैं। करेले का स्वाद तीखा, कड़वा होता है, जो कीड़ों, घुन को नहीं भाता। केरेला बनाएं तो उसके ऊपर वाले भाग को छीलकर सुखा लें और इसे गेहूं के बोरी, डिब्बे में डाल दें।
-आप कुछ पुदीने की पत्तियां भी सुखा लें और इसे गेहूं के जार, बोरे में डाल दें। घुन या किसी भी तरह का कोई कीड़ा नहीं लगेगा।
– गेहूं हो, चावल हो या कोई अन्य अनाज, हमेशा साफ, सूखे जार, डिब्बे या बोरी में रखें।नमी से ये खराब हो सकते हैं। डिब्बे और जार के ढक्कन को टाइट बंद करें। हमेशा हवादार स्थान पर रखें ताकि फ्रेश रहे। उसमें बदबू ना आए। धूप भी दिखाना महत्वपूर्ण है ताकि नमी और घुन ना लगे।
-लौंग 10-12 डाल दें। लहसुन को सुखाकर एक कपड़े की पोटली में बांधकर रख सकते हैं। इसकी तेज गंध से घुन नहीं लगते हैं।
– हींग भी बेहतरीन उपचार है घुन और कीड़ों को अनाज से दूर रखने का। आप गेहूं के डिब्बे में थोड़ा सा हींग का पाउडर छिड़क दें या छोटे-छोटे टुकड़े डाल दें। इसे कपड़े की पोटली में बांधकर भी रख सकते हैं।

