दांत दर्द से राहत पाने में किसी जादू की तरह काम करता है यह घरेलू नुस्खा
दांत दर्द में अमरूद का पत्ता देगा राहत
बागेश्वर के क्षेत्रीय जानकार रमेश पर्वतीय ने लोकल 18 को कहा कि दांत दर्द (Tooth Pain) में अमरूद के पत्ते और लौंग का इस्तेमाल बहुत लाभ वाला होता है। अमरूद के ताजे पत्तों में प्राकृतिक एंटीबैक्टीरियल और सूजन कम करने वाले तत्व उपस्थित होते हैं। वहीं लौंग में पाया जाने वाला यूजेनॉल (Eugenol) दांत दर्द और मसूड़ों के संक्रमण को कम करने में सहायता करता है। यही कारण है कि दादी-नानी के जमाने से यह नुस्खा घर-घर में अपनाया जाता रहा है।
इस्तेमाल करने का तरीका
इसे इस्तेमाल करना बहुत आसान है। अमरूद के ताजे पत्ते को तोड़कर उसमें एक लौंग का दाना डालें। फिर उसे दांत के आकार के मुताबिक छोटा करके उस हिस्से पर रखें जहां दर्द हो रहा है। कुछ ही देर में दर्द और जलन से राहत मिलने लगेगी। यह तरीका दांत दर्द के साथ-साथ मसूड़ों की सूजन, खून निकलने और मुंह की बदबू को भी दूर करने में सहायता करता है।
ज्यादा दर्द हो तो चिकित्सक से मिले
घरेलू नुस्खों से दवाइयों पर निर्भरता कम होती है, और इनके किसी भी तरह के दुष्प्रभाव नहीं होते। हालांकि, यदि दर्द लगातार बना रहे, दांतों में सूजन बढ़ जाए या पस जैसी स्थिति बने तो तुरंत दंत डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए। इसलिए महंगे उपचार या बार-बार दवाइयों के इस्तेमाल से पहले इन घरेलू और प्राकृतिक तरीकों को जरूर आजमाएं। यह न सिर्फ़ किफायती हैं बल्कि शरीर के लिए सुरक्षित भी साबित होते हैं।


