अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर उत्तराखंड में उमंग और ऊर्जा का माहौल
सीएम धामी की बैठक से पहले आज राम भजन सुने गए। पीएम मोदी द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया रामभजन सुबह उत्तराखंड सचिवालय में भी गूंजा। देवभूमि उत्तराखंड में भी राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उमंग एवं ऊर्जा का माहौल है।बता दें, अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर उत्तराखंड में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने निर्देश दिए कि उत्तरायणी पर होने वाले कार्यक्रमों को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की थीम पर आयोजित किए जाएं। साथ ही लोगों से अपील की कि वे दीपोत्सव के साथ ही कई आयोजन इस अवधि में करें।

समारोह पर घरों में दीपोत्सव की अपील
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर पूरे राष्ट्र में उत्साह का माहौल है। देवभूमि उत्तराखंड के लोगों में भी इस कार्यक्रम को लेकर विशेष उमंग एवं ऊर्जा का माहौल है। इसी क्रम में सीएम ने लोगों से प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम पर घरों में दीपोत्सव की अपील की। साथ ही इस अवधि में कलश यात्राओं के अतिरिक्त राम कथा आयोजित करने के साथ ही प्रमुख नदियों के घाटों की साफ-सफाई का अभियान चलाया जाएइसके अतिरिक्त विद्यालयों में राम के आदर्शों पर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। सभी शहरी क्षेत्रीय निकायों को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के अनुसार विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी निकायों को ताकीद किया गया है कि नगरों के आसपास मंदिरों और उसके आसपास स्वच्छता कार्यक्रम चलाएं।

