आतंकी हमलों को खात्म करने के लिए एक ‘स्पेशल 8’ प्लान किया तैयार
श्रीनगर। जम्मू- कश्मीर पुलिस ने आनें वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए बढ़ते आतंकवादी हमलों को खात्म करने के लिए एक ‘स्पेशल 8’ प्लान तैयार किया है। इसके अनुसार जम्मू और कश्मीर प्रशासन ने शुक्रवार को जम्मू क्षेत्र के 6 जिलों में 8 एसपी ऑपरेशन तैनात किए हैं। ऐसा इस क्षेत्र में आतंकी घटनाओं में बढ़ोतरी और केंद्र शासित राज्य में विधानसभा चुनावों को देखते हुए एक एहतियाती तरीका के तौर पर किया गया है। गृह विभाग के प्रधान सचिव चंद्राकर भारती की ओर से जारी एक आदेश के अनुसार कठुआ, किश्तवाड़, उधमपुर, रियासी, राजौरी और पुंछ जिलों में आठ एसपी (ऑपरेशंस) तैनात किए गए हैं।

इस आदेश के अनुसार कठुआ और राजौरी जिलों में दो एसपी (ऑपरेशंस) होंगे, जबकि शेष जिलों में आतंकवाद विरोधी अभियानों का प्रबंधन करने के लिए एक-एक एसपी ऑपरेशन होगा। ये एसपी अपने संबंधित इलाकों की नज़र करेंगे, कठोर नियंत्रण और बढ़ी हुई सतर्कता सुनिश्चित करेंगे। आदेश के अनुसार निसार अहमद को कठुआ में कंडी और सीमावर्ती इलाकों के लिए एसपी (ऑपरेशंस) के रूप में तैनात किया गया है। जबकि औमेर इकबाल को बिलावर, बानी, बशोली और मल्हार इलाकों के साथ ऊपरी कठुआ क्षेत्र सौंपा गया है।
सरकार के आदेश के अनुसार राजौरी में चरणजीत सिंह थानामंडी, दरहाल, राजौरी और मंजाकोटे इलाकों में ऑपरेशन की देखरेख करेंगे, जबकि वजाहत हुसैन भूदल और कंडी बेल्ट के लिए उत्तरदायी होंगे। वहीं इफरोज अहमद किश्तवाड़ में, मशकूर अहमद रियासी के अरनास, गुलाबगढ़, माहौर, चसाना और पसाना इलाकों में, पृथपाल सिंह बासनगढ़ में, उधमपुर के डुडु और लाटी इलाकों में, सचिन गुप्ता सुरनकोट और पुंछ के बुफलियाज इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियान की कमान संभालेंगे।
इस ताजा सरकारी आदेश के अनुसार इन सभी एसपी को सशस्त्र पुलिस में डिप्टी कमांडेंट के रूप में उनकी पिछली भूमिकाओं से स्थानांतरण कर दिया गया है। यह निर्णय 9 जून के बाद से जम्मू क्षेत्र में 18 आतंकी घटनाओं के बाद बढ़ी सुरक्षा चिंताओं के बीच आया है। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में सीमा पार से कई आतंकवादी घुसपैठों को अंजाम दिया गया है। सीमा पार से आने वाले इन आतंकवादियों ने सेना पर कई घातक हमले किए हैं। जिनमें कई जवान शहीद हो गए हैं।

