नई दिल्ली स्टेशन पर भगदड़ के बाद प्रशासन ने उठाया ये कदम
अगर आप किसी परिजन या दोस्त को रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे हैं, तो यह समाचार आपके लिए बहुत महत्वपूर्ण हो सकती है। नयी दिल्ली स्टेशन में भगदड़ के बाद भारतीय रेलवे ने प्लेटफार्म टिकटों की बिक्री पर बड़ा निर्णय लिया है। स्टेशनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इसलिए परिजन या दोस्त को स्टेशन के बाहर से बॉय बॉय करना होगा। स्टेशन के अंदर जाकर सीट पर नहीं छोड़ पाएंगे। हालांकि यह व्यवस्था सिर्फ़ नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ही लागू रहेगी। दूसरे स्टेशनों पर पहले की तरह टिकटों की बिक्री होती रहेगी।

नई दिल्ली स्टेशन पर एक दिन पूर्व हुई भगदड़ की वजह से 18 लोगों की मृत्यु हो गयी और कई लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना प्लेटफार्म 14 और 15 की सीढि़यों और एफओबी पर भीड़ अधिक होने की वजह से हुआ। ज्यादातर यात्री प्रयागराज जाने वाले थे। इसके अतिरिक्त तमाम लोग परिजनों को छोड़ने प्लेटफार्म तक जाते हैं। इस वजह से स्टेशन पर भीड़ और बढ़ जाती है। भारतीय रेलवे ने भीड़ को कम करने के लिए प्लेटफार्म टिकटों की बिक्री बंद करने का निर्णय लिया है।
जानें कब टिकटों की बिक्री रहेगी बंद
उत्तर रेलवे के मुख्य जनंसपर्क अधिकारी के मुताबिक प्लेटफार्म टिकटों की बिक्री स्थाई रूप में बंद नहीं की जा रही है। शाम 4 बजे से लेकर रात 11 बजे तक टिकटों की बिक्री बंद रखने का निर्णय लिया गया है, जो अगले एक सप्ताह तक लागू रहेगा। यानी दिन में प्लेटफार्म टिकटों की बिक्री पहले की तरह चालू रहेगी।
इसलिए शाम को बंद करने का लिया गया फैसला
दरअसल नयी दिल्ली स्टेशन से चलने वाली ज्यादा ट्रेनें शाम से लेकर रात तक छूटती हैं और सुबह से लेकर दोपहर तक लौटती हैं। ज्यादातर लोग शाम के समय ही स्टेशन परिजनों को छोड़ने पहुंचते हैं। इसलिए शाम 4 से रात 11 बजे तक टिकटों की बिक्री बंद करने का निर्णय लिया गया। रेलवे ने लोगों से अपील की है कि वे परिजनों को स्टेशन के बाहर तक छोड़कर लौट जाएं। यदि कोई बुजुर्ग, बीमार व्यक्ति या गर्भवती स्त्री है तो उसकी सहायता के लिए कर्मी तैनात किए गए हैं।

