CM भजनलाल शर्मा व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी पहुंचे चूरू
राजस्थान में लोकसभा चुनाव को लेकर कद्दावर नेताओं के दौरे प्रारम्भ हो गए हैं। इसी क्रम में राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के साथ आज चूरू जिलामुख्यालय के जयपुर रोड़ स्थित निजी होटल के बैठक भवन में बीजेपी कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने चूरू पहुंचे, मीटिंग को गुप्त रखा गया है।
यहां तीन लोकसभा सीट चूरू, श्रीगंगानगर और बीकानेर की कलस्टर बैठक में करीब 600 बीजेपी पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मीटिंग में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, कलस्टर प्रभारी और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां, चूरू लोकसभा प्रभारी और कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत, बीकानेर लोकसभा प्रभारी और कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, गंगानगर लोकसभा प्रभारी और केबीनेट मंत्री सुमित गोदारा, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, चूरू विधायक हरलाल सहारण, बीकानेर विधायक सिद्धि कुमारी, भादरा विधायक संजीव बेनीवाल सहित लोकसभा और विधानसभा विस्तारक, विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, पूर्व सासंद, जिला प्रमुख, प्रधान आदि मौजूद रहे।मीटिंग में लोकसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया और जीत का मंत्र दिया। यहां आए बीजेपी नेताओ ने प्रदेश में 25 सीटों के जीतने का दावा किया। निवर्तमान सांसद राहुल कस्वां के बीजेपी को छोड़ कांग्रेस पार्टी में शामिल होने को लेकर बीजेपी के नेताओं ने बोला कि यह अवसरवादिता है। जिस परिवार को पिछले 33 वर्षों से बीजेपी ने पदों पर बनाए रखा, उनकी एक बार टिकिट काट देने से उन्हें अब सामन्तवाद दिखाई देने लगा।आपको बता दें कि चूरू लोकसभा क्षेत्र में बीजेपी से अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी देवेंद्र झाझरिया और बीजेपी से बागी हुए कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी राहुल कस्बा के बीच सीधा मुकाबला है। इस मीटिंग के कई तरह से राजनीतिक अर्थ निकाले जा रहे हैं। तीनों लोकसभा सीटों को बीजेपी साधने का कोशिश कर रही है।

