बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पीएम मोदी को बताया द ग्रेट पीएम ऑफ इंडिया
छतरपुर,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बागेश्वर धाम में बालाजी कैंसर इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर का डिजिटल शिलान्यास किया. विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी को द ग्रेट पीएम ऑफ इण्डिया बताया.

धीरेंद्र शास्त्री ने पीएम मोदी को बालाजी की मूर्ति भेंट की. उन्हें सनातन धर्म पर लिखी पुस्तक और स्मृति चिह्न का उपहार भी दिया. मंच से धीरेंद्र शास्त्री ने पीएम का सत्कार करते हुए कहा, हमने ऐसे पीएम को पाया है जो संतों और महंतों की चर्चा करते हैं. अभी तक अस्पतालों में मंदिर थे और अब मंदिर में हॉस्पिटल होगा. यह बुंदेलखंड के लिए सबसे बड़ा वरदान है. विश्वामित्र का भारत, विश्वामित्र की किरदार निभा रहा है.
धीरेंद्र शास्त्री ने वैश्विक तौर पर प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के बढ़ते कद की बात भी मंच से कही. बोले, पीएम 60 दिन में दूसरी बार बुंदेलखंड के लिए प्यार बरसाने आए हैं. अमेरिका में पीएम ट्रम्प भी कहते हैं- द ग्रेट पीएम ऑफ इंडिया. ऐसे पीएम मिलना कठिन है, जो दल से नहीं दिल से राष्ट्र की सेवा करते हैं. उन्होंने 500 वर्ष की सनातन की लड़ाई को जीतकर बता दिया. भव्य मंदिर में रामलला को बैठा दिया.
बागेश्वर धाम प्रमुख ने ये भी कहा कि प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी की मां हीरा बेन के नाम पर एक वार्ड भी होगा. उन्होंने कहा, हॉस्पिटल दो से तीन वर्ष में पूरा करेंगे. इसे मेडिकल कॉलेज बनाने का विचार है. अस्पतालों से कृपा और दवा भी मिलेगी. पीएम की मां के नाम से हॉस्पिटल में वार्ड बनाया जाएगा.
प्रधानमंत्री मोदी ने 218 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले चिकित्सा एवं विज्ञान अनुसंधान संस्थान की आधारशिला रखी है. यह संस्थान कैंसर जैसी गंभीर रोंगों के उपचार के लिए समर्पित होगा और दावा है इससे पूरा बुंदेलखंड क्षेत्र लाभान्वित होगा.
पीएम मोदी 60 दिन में दूसरी बार बुंदेलखंड आए हैं. इससे पहले उन्होंने 25 दिसंबर 2024 को आए थे. तब उन्होंने भूतपूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती पर केन-बेतवा लिंक परियोजना का शिलान्यास किया था.

