पलामू में ड्राइवर ने नाबालिग को बनाया अपनी हैवानियत का शिकार, पुलिस ने तुरंत एक्शन लेकर किया गिरफ्तार
पलामू में एक नाबालिग लड़की से बलात्कार का मुद्दा सामने आया है. घटना विश्रामपुर थाना क्षेत्र में हुई है. बलात्कार का इल्जाम पोकलेन चालक पर लगा है. बलात्कार की जानकारी मिलने के बाद आरोपी पोकलेन ड्राइवर को ग्रामीणों ने पकड़कर पीट दिया.आरोपी पोकलेन चालक बिहार के हाजीपुर के मतेया गांव का रहने वाला है. उसका नाम राहुल कुमार सिंह (40) है.

कैंप से दो किमी दूर किया रेप
जानकारी के अनुसार पलामू के पांडू से नावाबाजार तक सड़क निर्माण कार्य चल रहा है. आरोपी इसी सड़क बनाने में पोकलेन चला रहा था. शुक्रवार की रात आठ बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद उसने कैंप से दो किलोमीटर दूर नाबालिग के साथ बलात्कार किया.
पीड़िता ने दी जानकारी, नाराज लोगों ने कर दी पिटाई
पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर लाठी-डंडों से पिटाई की. रात दो बजे कंस्ट्रक्शन कंपनी के सुपरवाइजर महेंद्र यादव को घटना की सूचना मिली
सुपरवाइजर अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को ग्रामीणों से छुड़ाकर पुलिस स्टेशन ले गए. वहां से उसे मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने आरोपी को अरैस्ट कर लिया है. पुलिस कस्टडी में उपचार चल रहा है.

