भारी बारिश से बदहाल हुई मुंबई की सड़कें, बंद हुए स्कूल-कॉलेज और दफ्तर
Mumbai Rains : मुंबई और आसपास के इलाकों में मंगलवार को भी भारी बारिश की वजह से सड़क, रेल और हवाई यातायात पर बुरा असर पड़ा. बीएमसी ने खराब मौसम को देखते हुए विद्यालयों और कॉलेजों की छुट्टी घोषित कर दी है. सभी सरकारी और अर्धसरकारी कार्यालय बंद कर दिए गए हैं. निजी कंपनियों से भी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम देने की अपील की गई है.

आईएमडी ने मंगलवार को मुंबई और आसपास के शहरों में भिन्न-भिन्न स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है. उच्च शिक्षा निदेशालय ने भारी बारिश के मद्देनजर महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र के सभी कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया है. यह आदेश पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरि और सिंधुदुर्ग जिलों के कॉलेजों के लिए है.
मुंबई में भारी बारिश के एक दिन बाद, मंगलवार को भी महानगर वासियों को बारिश के कारण समस्याओं का सामना करना पड़ा. सुबह से ही कई सड़कों पर पानी भरा रहा और यातायात जाम की परेशानी रही.
अधिकारियों के अनुसार, उपनगरीय रेल सेवाओं में देरी हुई और सड़कों पर जलभराव के कारण कुछ स्थानों पर बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) उपक्रम की बस सेवाओं के मार्ग में बदलाव करना पड़ा.
बोरीवली, अंधेरी, सायन, दादर और चेंबूर सहित शहर के कई हिस्सों में रात भर भारी बारिश हुई जो सुबह भी जारी रही, जिसके कारण गांधी बाजार सहित निचले इलाकों में जलभराव हो गया.
स्थानीय ऑफिसरों के अनुसार, मंगलवार सुबह पांच बजे से छह बजे के बीच उपनगरों की तुलना में मुंबई में अधिक बारिश दर्ज की गई. मुंबई सेंट्रल, परेल, ग्रांट रोड, मालाबार हिल, दादर, वर्ली और कुछ अन्य इलाकों में सिर्फ़ एक घंटे में 40 मिलीमीटर से 65 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे कई जगहों पर जलभराव हो गया.
एक क्षेत्रीय अधिकारी ने कहा कि सोमवार सुबह आठ बजे से मंगलवार सुबह छह बजे के बीच मुंबई, पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः औसत 128.86 मिलीमीटर, 154.37 मिलीमीटर और 185.74 मिलीमीटर बारिश हुई.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे से मंगलवार सुबह साढ़े पांच बजे तक के 21 घंटों में मुंबई के विक्रोली उपनगर में सबसे अधिक 194.5 मिलीमीटर बारिश हुई.
आईएमडी ने कहा कि इस अवधि के दौरान सांताक्रूज में 185 मिलीमीटर, जुहू में 173.5 मिलीमीटर, भायखला में 167 मिलीमीटर और बांद्रा में 157 मिलीमीटर बारिश हुई. कोलाबा और महालक्ष्मी क्षेत्रों में तुलनात्मक रूप से कम बारिश दर्ज की गई. वहां क्रमशः 79.8 मिलीमीटर और 71.9 मिलीमीटर बारिश हुई.

