PM मोदी ने मोटापे के खिलाफ बजाया बिगुल, इन लोगों ने दिखाई हिस्सेदारी
Campaign against obesity: पीएम मोदी ने मोटापे के विरुद्ध लड़ाई में सहायता के लिए जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला, उद्योगपति आनंद महिंद्रा और अदाकार मोहनलाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के 10 लोगों को नामित किया. इससे एक दिन पहले पीएम मोदी ने लोगों से मोटापे से बचने के लिए कदम उठाने का आह्वान किया था.

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैं मोटापे के विरुद्ध लड़ाई को मजबूत करने और भोजन में ऑयल की खपत को कम करने के बारे में जागरुकता फैलाने के लिए कुछ लोगों को नामित करना चाहूंगा. मैं उनसे यह भी निवेदन करता हूं कि वे भी आगे ऐसे 10 और लोगों को नामित करें ताकि हमारा आंदोलन बड़ा हो सके.”
मोदी ने जिन अन्य शख़्सियतों को नामित किया है उनमें भोजपुरी गायक-अभिनेता निरहुआ, निशानेबाज मनु भाकर, भारोत्तोलक मीराबाई चानू, इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणि, अदाकार आर माधवन, गायिका श्रेया घोषाल और सामाजिक कार्यकर्ता एवं सांसद सुधा मूर्ति के नाम शामिल हैं.
मोटापे के विरुद्ध लड़ाई की जोरदार वकालत करते हुए पीएम मोदी ने रविवार को अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में लोगों से भोजन में कम ऑयल का इस्तेमाल करने और 10 अन्य लोगों को यह चुनौती देने का आग्रह किया था.

