रायबरेली और वायनाड में चुनाव लड़ने के लिए राहुल गांधी को मिले थे इतने रुपये
कांग्रेस पार्टी ने चुनाव आयोग को जानकारी देते हुए कहा है कि उन्होंने अपने नेता राहुल गांधी को वायनाड और रायबरेली से 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए 70-70 लाख रुपये दिए हैं. वहीं कांग्रेस पार्टी पार्टी के एकमात्र उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह को पार्टी फंड से 87 लाख रुपये दिए गए थे, जो हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से बीजेपी की उम्मीदवार और अदाकारा कंगना रनौत से चुनाव हार गए.

पार्टी के किस नेता को कितना मिला फंड?
वहीं पार्टी की तरफ से 70 लाख रुपये पाने वाले अन्य नेताओं में किशोरी लाल शर्मा शामिल हैं, जिन्होंने बीजेपी की मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी को अमेठी लोकसभा सीट पर हराया था. केरल में अलपुझा लोकसभा सीट से सांसद केसी वेणुगोपाल और तमिलनाडु में विरुधुनगर से मणिकम टैगोर भी 70 लाख रुपये फंड पाने वालों में शामिल हैं. जबकि कर्नाटक के गुलबर्गा से कांग्रेस पार्टी उम्मीदवार राधाकृष्ण और पंजाब में आनंदपुर साहिब से प्रत्याशी विजय इंदर सिंगला को भी 70-70 लाख रुपये मिले. वहीं इस कड़ी में चुनाव हारने वाले वरिष्ठ कांग्रेस पार्टी नेता आनंद शर्मा और दिग्विजय सिंह को क्रमशः 46 लाख रुपये और 50 लाख रुपये मिले थे.
राहुल गांधी ने दो सीटों पर हासिल की थी जीत
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली लोकसभा के साथ-साथ केरल के वायनाड लोकसभा सीट से भी जीत हासिल की थी, लेकिन उन्होंने यूपी की रायबरेली सीट को बरकरार रखा और वायनाड सीट को खाली कर दिया है. लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी पार्टी ने संसदीय चुनावों में 99 सीटें जीती थीं, जिसमें राहुल गांधी ने दो सीटों पर जीत हासिल की थी.

