कांग्रेस त्यागकर भाजपा से जुड़े रामनिवास रावत ने ली राज्यमंत्री पद की शपथ
भोपाल. मध्यप्रदेश में डाक्टर मोहन यादव कैबिनेट का दूसरा विस्तार हो गया है. लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए विजयपुर विधानसभा सीट से विधायक रामनिवास रावत ने राज्यमंत्री पद की शपथ ली. राजभवन में हुए शपथ ग्रहण कार्यक्रम में गवर्नर मंगुभाई पटेल ने रामनिवास रावत को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. शपथ ग्रहण कार्यक्रम में सीएम डाक्टर मोहन यादव सहित कैबिनेट के अन्य सदस्य भी शामिल हुए

कौन है रामनिवास रावत?- मुरैना जिले की विजयपुर विधानसभा सीट से 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर विधायक चुने गए रामनिवास रावत लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी में शामिल हुए थे. कहा जाता है कि ग्वालियर-चंबल के कद्दावर नेता और प्रदेश कांग्रेस पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष रहे रामनिवास रावत लोकसभा चुनाव में टिकट बंटवारे से नाराज थे. विजयपुर से सीट से छठीं बार विधायक चुने गए रामनिवास रावत मुरैना लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन पार्टी ने वहां से नीटू सिकरवार को टिकट दिया था. इससे नाराज होकर रामनिवास रावत बीजेपी में शामिल हो गए थे.
रामनिवास रावत की गिनती एक समय में दिग्विजय सिंह के करीबी नेताओं में होती है औह वह मुरैना की विजयपुर विधानसभा सीट से 6 बार विधायक रह चुके हैं. 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने विजयपुर सीट पर सातवीं बार जीत हासिल की थी. बीजेपी में शामिल होने के बाद भी अब तक रामनिवास रावत ने विधायक पद से त्याग-पत्र नहीं दिया है.
कांग्रेस ने सदस्यता समाप्त करने की लगाई थी याचिका- कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए रामनिवास रावत की विधानसभा की सदस्यता समाप्त करने के लिए कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के सामने यचिका लगाई है. विधानसभा सत्र के आखिरी दिन कांग्रेस पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने रामनिवास रावत की सदस्यता समाप्त करने की याचिका लगाई थी. ऐसे में अब यह बताया जा रहा है कि मंत्री पद की शपथ लेने के बाद रामनिवास रावत विधायक पद से त्याग-पत्र दे सकते है.

