पुंछ में काले कपड़े पहने दो हथियारबंद संदिग्धों की सूचना मिलने पर सुरक्षाबलों ने की तलाशी अभियान शुरू
जम्मू. जम्मू और कश्मीर के पुंछ जिले में मंगलवार को संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं. इसके बाद सुरक्षाबलों ने जिले में तलाशी अभियान प्रारम्भ कर दिया है.
अधिकारियों ने कहा कि जिले के एक दूरदराज गांव में दो आतंकियों की गतिविधि के बारे में सूचना मिली. इसके बाद घेराबंदी एवं तलाशी अभियान प्रारम्भ किया गया. कथित तौर पर काले कपड़े पहने दो हथियारबंद संदिग्धों को सोमवार देर रात देहरा की गली के पास सलामपुरा गांव में घूमते देखा गया.
अधिकारियों ने बताया, “पुलिस ने सूचना मिलने पर कोई देर न करते हुए राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ की सहायता से संयुक्त अभियान प्रारम्भ किया. संदिग्ध आतंकियों को निचले पंगई क्षेत्र की तरफ बढ़ते देखा गया. तलाशी अभियान जारी है. लेकिन अभी तक संदिग्ध आतंकियों से कोई संपर्क नहीं हो पाया है.”
उन्होंने आगे बताया, ”सुरक्षाबलों ने आज सुबह पुंछ के सुरनकोट क्षेत्र के सनाई, जंगल, पट्टन और आसपास के गांवों तथा किश्तवाड़ जिले के द्रबशाल्ला क्षेत्र के बांगर-सरूर जंगल में भी तलाशी अभियान प्रारम्भ किया.”
सेना ने जम्मू डिवीजन के पहाड़ी जिलों से आतंकियों का सफाया करने के लिए पहले ही चार हजार से अधिक सैनिकों को तैनात किया है, जिनमें ट्रेंड एलीट कमांडो और पर्वतीय युद्ध में प्रशिक्षित कमांडो शामिल हैं.
कठुआ, डोडा, रियासी, पुंछ और राजौरी में घात लगाकर किए गए हमलों के बाद, इन जिलों में 40-50 हार्डकोर विदेशी आतंकियों के उपस्थित होने की खबरों की पुष्टि होने पर यह कदम उठाया गया.

