महाराष्ट्र के रायगढ़ के कारखाने में फटा टैंक, 3 मजदूरों की मौत
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में गुरुवार को एक केमिकल फैक्ट्री में वेल्डिंग के काम के दौरान मेथनॉल युक्त स्टोरेज टैंक में विस्फोट होने से 3 श्रमिकों की मृत्यु हो गई। हादसे में 3 अन्य लेबर बुरी तरह से झुलस गए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी है। रायगढ़ के SP सोमनाथ घरगे ने कहा कि घटना मुंबई से करीब 110 किलोमीटर दूर रोहा कस्बे के धातव एमआईडीसी में साधना नाइट्रो केम लिमिटेड में सुबह 11 बजकर 15 मिनट की है। उन्होंने कहा कि केमिकल फैक्ट्री के स्टोरेज टैंक में विस्फोट हुआ था।

एक अन्य अधिकारी ने कहा कि केमिकल फैक्ट्री में फैब्रिकेशन के लिए यूपी से आए तीन लोगों की धमाके में मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि वे वेल्डिंग का काम कर रहे थे, तभी चिंगारी के कारण अत्यधिक ज्वलनशील मेथनॉल मिले स्टोरेज टैंक में धमाका हो गया। अधिकारी ने कहा कि विस्फोट में बासुकी यादव (45), दिनेश कुमार खरबन (60) और संजीव कुमार (20) की मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि मौके के पास उपस्थित 3 और लेबर झुलस गए।
आधे घंटे तक करते रहे मशक्कत
घायलों को पहले रोहा के सरकारी हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन बाद में उन्हें नवी मुंबई के ऐरोली स्थित नेशनल बर्न्स सेंटर स्थानांतरित किया गया। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने के तुरंत बाद दमकल विभाग के कर्मचारी और क्षेत्रीय पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और उन्होंने आधे घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया। अधिकारी ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि साथ ही कारखाने में तलाशी अभियान जारी है।
नागपुर में हुआ था भयंकर धमाका
जून में नागपुर में एक कंपनी में विस्फोट हुआ था। धमाके में 5 लोगों की मृत्यु हो गई थी और 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। नागपुर के धामना क्षेत्र में चामुंडा बारूद फैक्टरी में यह दुर्घटना हुआ था। चामुंडा बारूद फैक्ट्री एक निजी कंपनी है। मौके पर तमाम आला-अधिकारी पहुंच गए थे। राहत और बचाव का काम घंटों तक चला था। नागपुर के पुलिस आयुक्त ने कहा था कि सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल ने पहुंचकर राहत-बचाव कार्य प्रारम्भ कर दिया था। मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया था

