दिल्ली में कल इन मुद्दों पर चर्चा करेंगे खड़गे-तेजस्वी, ये अन्य नेता भी ले सकते हैं भाग
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पटना में 17 अप्रैल को महागठबंधन की बैठक होगी. इस मीटिंग में RJD, कांग्रेस, माले समेत सभी घटक दलों के नेता उपस्थित रहेंगे. इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस पार्टी और राजद की दिल्ली में अलग से बैठक होगी.

यह बैठक कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और तेजस्वी यादव के बीच होगी. यह बैठक खड़गे के घर पर होगी. सूत्रों के अनुसार इसमें राहुल गांधी भी शामिल हो सकते हैं.
17 अप्रैल को पटना में I.N.D.I.A की बैठक
17 अप्रैल की बैठक के दौरान सीट बंटवारा, सीएम फेस समेत कई मुद्दों पर चर्चा होगी. बिहार कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष राजेश राम के साथ प्रभारी कृष्णा अल्लावरू भी इस बैठक में शामिल होंगे. प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार अल्लावरू आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के साथ बैठेंगे.
चुनावी रणनीतियों पर चर्चा करेंगे. इससे पहले 6 अप्रैल को दिल्ली AIIMS में भर्ती लालू यादव से अल्लावरू ने मुलाकात की थी, लेकिन अभी तक तेजस्वी से मुलाकात नहीं हुई.
CM फेस को लेकर राजद-कांग्रेस में तकरार
CM फेस को लेकर राजद-कांग्रेस में तकरार है. कांग्रेस पार्टी प्रभारी कृष्णा अल्लावरू पहले ही कह चुके हैं कि चुनाव के बाद सीएम के चेहरे पर बात होगी. बीते मार्च में दिल्ली में हुई पार्टी मीटिंग के बाद अल्लावरू ने बोला था- ‘इंडिया गठबंधन जब बैठेगी तब सीट, सीएम फेस सब पर चर्चा होगी.
मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, नहीं होगा, इस पर सामूहिक फैसला लिया जाएगा.‘ वहीं, कन्हैया की रैली में शामिल होने पटना पहुंचे कांग्रेस पार्टी नेता और राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने भी चुनाव में जीत के बाद सब तय करने की बात कही थी.
दो दिवसीय दौरे पर बिहार आ रहे खड़गे
वहीं, राहुल गांधी के बाद अब कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बिहार आ रहे हैं. 19 और 20 अप्रैल को दो दिवसीय बिहार दौरे पर रहेंगे. खड़गे 19 अप्रैल को बक्सर तो 20 अप्रैल को पटना में रैली करेंगे. 7 अप्रैल को राहुल गांधी बिहार आए थे अब 12 दिन बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार पहुंचेंगे.

