UPSC ने पूजा खेडकर की सिलेक्शन को किया रद्द
नई दिल्ली. पूजा खेडकर, जो 2023 बैच की ट्रेनी आईएएस ऑफिसर थीं, अब इस पद पर नहीं रहीं. UPSC ने उनके सिलेक्शन को रद्द कर दिया है. पूजा पर पहचान बदलने और विकलांगता सर्टिफिकेट में गड़बड़ी करने का इल्जाम था. साथ ही पहचान बदलकर तय सीमा से अधिक बार सिविल सर्विसेस एग्जाम देने का भी इल्जाम है
UPSC की जांच में यह पाया गया कि पूजा ने सिविल सर्विसेस एग्जाम देने के लिए अपना नाम, माता-पिता का नाम, सिग्नेचर, फोटो, ईमेल ID, मोबाइल नंबर और एड्रेस बदल दिए थे. इसके बाद दिल्ली पुलिस की अपराध ब्रांच ने उनके विरुद्ध जालसाजी, धोखाधड़ी, आईटी एक्ट और डिसेबिलिटी एक्ट के अनुसार मुकदमा दर्ज किया था.
पूजा खेडकर पर ट्रेनिंग के दौरान पद का गलत इस्तेमाल करने और खराब आचरण करने का भी इल्जाम था. सबसे पहले पुणे के डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर सुहास दिवासे ने उनके विरुद्ध कम्पलेन की थी, जिसके बाद उनका ट्रांसफर वाशिम कर दिया गया था. इसके बाद पहचान छिपाने और OBC और विकलांगता कोटे के दुरुपयोग के इल्जाम लगे.
16 जुलाई को उनकी ट्रेनिंग रोक दी गई और उन्हें मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी (LBSNAA) वापस बुलाया गया. हालांकि, वे 23 जुलाई की डेडलाइन तक LBSNAA नहीं पहुंचीं. इस मुद्दे में UPSC ने उनका सिलेक्शन रद्द कर दिया है और वे भविष्य में कोई एग्जाम भी नहीं दे सकेंगी.

