दक्षिण विधानसभा उपचुनाव को लेकर आज मतदान शुरू
छत्तीसगढ़ के रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव को लेकर आज सुबह सात बजे से मतदान प्रारम्भ हो चुका है. पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतार है. सभी मतदान केन्द्रों में वोटिंग जारी है. यह सीधा मुकाबला कांग्रेस-बीजेपी के बीच होने वाला है. युवा नेता आकाश शर्मा कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी हैं. वहीं रायपुर से सांसद रह चुके सुनील सोनी भाजपा के प्रत्याशी हैं. रायपुर दक्षिण भाजपा का अभेद किला रहा है. क्योंकि बृजमोहन अग्रवाल रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट से आठ बार के विधायक रह चुके हैं. वर्तमान में बृजमोहन अग्रवाल रायपुर के सांसद हैं.

कौन हैं आकाश शर्मा ?
आकाश शर्मा छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं. वो सात वर्ष तक एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं. उन्होंने विधानसभा चुनाव 2023 में भी अपनी दावेदारी पेश की थी. वर्ष 2018 और वर्ष 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में टिकट मांगी थी. उस दौरान आकाश शर्मा को पार्टी ने टिकट नहीं दिया. इस बार कांग्रेस पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है. कांग्रेस पार्टी ने 35 वर्ष के युवा पर दांव लगाकर लड़ाई को रोचक कर दिया है.
प्रत्याशी आकाश शर्मा ने विद्यार्थी जीवन में अपनी राजनीति यात्रा का आरंभ किया. 2014 से 2020 तक आकाश शर्मा एनएसयूआई छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष रहे. 2018 में वह एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव बने. इसके बाद वर्तमान में छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं.
जानें सुनील सोनी का राजनीतिक सफर
पहली बार रायपुर जिले की रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में सुनील सोनी चुनावी ताल ठोकेंगे. वो ओबीसी वर्ग से आते हैं. सोनी वर्ष 2019 से 2024 (लोकसभा चुनाव होने तक) रायपुर के सांसद रह चुके हैं. सोनी आरएसएस पृष्ठभूमि से आते हैं, इसलिये राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ में भी उनकी पकड़ मानी जाती है. उनका जन्म 28 नवंबर 1961 में हुआ था. उनके पिता भी संघ से जुडे़ थे.
- एबीवीपी नेता के रूप में की राजनीति की शुरूआत.
- वो दुर्गा कॉलेज रायपुर के छात्रसंघ अध्यक्ष रहे.
- इसके बाद पहली बार रायपुर से पार्षद बने.
- साल 2003 से 2010 तक दो बार रायपुर के मेयर रहे.
- रायपुर विकास प्राधिकरण यानी आरडीए के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं.
- साल 2019 के लोकसभा चुनाव में सांसद बने.
- अब विधायकी के लिए मिला टिकट.
रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट उप चुनाव 2024: फैक्ट फाइल
- उप चुनाव- 13 नवंबर
- मतगणना- 23 नवंबर
महिला वोटर्स की संख्या ज्यादा
उप-निर्वाचन में क्षेत्र के कुल दो लाख 71 हजार 169 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. इनमें एक लाख 33 हजार 800 पुरूष मतदाता, एक लाख 37 हजार 317 स्त्री मतदाता और 52 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं.

