1 जून को 8 राज्यों की 57 सीटों पर किया जायेगा मतदान
लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर सातवें और अंतिम चरण का मतदान 1 जून को किया जाएगा. 30 मई को चुनाव प्रचार भी थम जाएगा. बता दें कि 1 जून को 8 राज्यों की 57 सीटों पर मतदान किया जाएगा. वहीं चुनाव के रिज़ल्ट 4 जून को घोषित किए जाएंगे. इस बीच आज चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है. ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हिमाचल प्रदेश और पंजाब में चार जनसभाओं को संबोधित करने वाले हैं. यहां मुख्यमंत्री योगी हिमाचल प्रदेश के मंडी एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्रों में जनसभा करने वाले हैं. इसके बाद वह पंजाब के आनंदपुर साहिब और लुधियाना में जनसभाओं को संबोधित करेंगे. 
कहां-किसकी होगी रैली?
बता दें कि 1 जून को उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर मतदान किया जाएगा. यहां महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, बांसगांव, देवरिया, वाराणसी, सलेमपुर, घोसी, गाजीपुर, बलिया, चंदौली, मीरजापुर, रॉबर्ट्सगंज सीट पर मतदान किया जाएगा. बता दें कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज सुबह 11 बजे कुशीनगर पहुंचेंगे. यहां जूनियर हाईस्कूल के खेल मैदान रामकोला के बाद दोपहर 2 बजे चंदौली में चुनाव प्रचार करने पहुंचेंगे. यहां वे अमर शहीद इंटर कॉलेज में चुनावी जनसभा करेंगे. वहीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी वाराणसी में शाम 7 बजे चुनावी रैली करेंगी.
सीएम मोहन यादव भी करेंगे रैली
मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव आज कुशीनगर और सोनभद्र में चुनाव प्रचार करने पहुंचेंगे. इस दौरान मोहन यादव 11 बजे कुशीनगर के फाजिल नगर नगर पंचायत से तमकुहीराज नगर, टाउन एरिया होते हुए सेवरही नगर तक रोड शो करेंगे. वहीं सोनभद्र के दुद्धी में इसके बाद मोहन यादव रोड शो करेंगे. केंद्रीय मंत्री भानु प्रताप वर्मा इस दौरान बांसगांव और गोरखपुर में जनसंपर्क करेंगे. वहीं केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा मीरजापुर में जनसंपर्क करेंगे. वहीं डिप्टी मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या वाराणसी में 11 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे. वहीं बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी मऊ के बीजेपी कार्यालय में संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे.

