पश्चिम मध्य रेलवे ने रक्षाबंधन पर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का किया फैसला
Raksha Bandhan Special Train: रक्षाबंधन त्यौहार पर अधिकांश कई रूटों पर अक्सर होने वाली अधिक भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनें चलाई जाती हैं। इसी क्रम में पश्चिम मध्य रेलवे ने भोपाल मंडल से इस रक्षाबंधन रीवा-भोपाल और भोपाल-रीवा के बीच गाड़ी नंबर 01703 और 01704 स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय किया है। राजधानी के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से रीवा के बीच इस स्पेशल ट्रेन की सौगात से सागर, दमोह, सतना, विदिशा, मैहर आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

रेलवे रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन को रीवा से भोपाल और भोपाल से रीवा के बीच घर वापसी के लिए 1-1 ट्रिप चलाएगा। ये दोनों ट्रेनें रक्षाबंधन के अगले दिन 10 और 11 अगस्त को चलेंगी। जिससे सतना, मैहर, कटनी, दमोह, सागर, बीना, विदिशा के लोगों को लाभ होगा। समय सारणी जारी किए जाने के साथ ट्रेनों में टिकट बुकिंग प्रारम्भ हो गई है।
इस दिन चलेगी रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन
रक्षाबंधन पर चलने वाली दोनों खास ट्रेनें रीवा और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से चलेंगी। जिसमें गाड़ी नंबर 01704 रीवा-रानी कमलापति एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन रविवार (10 अगस्त) को रीवा से शाम 6:45 बजे रवाना होगी। ये ट्रेन 7.50 बजे सतना, 8.23 बजे मैहर, 9.40 बजे कटनी मुड़वारा, 11.5 बजे दमोह और रात के 12.10 पर सागर पहुंचेगी। जिसके बाद रात के 1.55 बजे बीना और फिर 3 बजे विदिशा और तड़के सुबह 4.40 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
इसी तरह रक्षाबंधन पर एक खास एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से भी चलेगी। ये ट्रेन गाड़ी नंबर 01703 रानी कमलापति-रीवा के बीच सोमवार 11 अगस्त को तड़के सुबह 6.20 बजे रानी कमलापति से चलेगी, जो 7.23 बजे विदिशा फिर 9.50 बजे बीना, 10.45 बजे सागर और 12 बजे दमोह पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 2.10 बजे कटनी और 5 बजे मैहर, 6.10 बजे सतना और अंत में 8.30 बजे रीवा पहुंचाएगी।

